हिमाचल की पहाड़ियों पर तीसरे दिन भी बर्फबारी, तापमान में भारी गिरावट दर्ज

Monday, Nov 20, 2017 - 01:30 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में रविवार को कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश का क्रम जारी रहा। वहीं ऊंची पर्वत शृंखलाओं में चौथे दिन भी रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी का क्रम जारी रहा। वहीं भरमौर, पांगी तीसा व त्यूणी में भी 2 से 3 इंच के करीब ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। रुक-रुक कर बर्फबारी का क्रम जारी है, जिससे पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। केलांग रोहतांग दर्रा में अब तक 3 फुट के करीब बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं कल्पा में 12 इंच और केलांग में 9 इंच के करीब ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा कोकसर, मंडी में भी हल्की बर्फबारी रुक-रुक कर जारी है। बर्फबारी के चलते रोहतांग दर्रा व कोकसर में पिछले 4 दिनों से कुछेक छोटे वाहन बर्फ में फंसे हैं। प्रशासन द्वारा वाहनों को निकाले जाने का प्रयास जारी है। केलांग डिपो की अधिकतर बसें बर्फबारी के कारण फंसी पड़ी है, वहीं चम्बा के पांगी घाटी के लिए आज निगम प्रबंधन द्वारा रूट बहाल कर दिए गए हैं, लेकिन आने वाले समय में बर्फ बारी के चलते लोगों को फिर से दिक्कतें पेश आ सकती हंै। 

नारकंडा में भी सीजन की पहली बर्फ बारी दर्ज 
वहीं रविवार को हाटू पीक सहित सिरमौर की चूड़धार चोटी पर और पर्यटन नगरी नारकंडा में भी सीजन की पहली बर्फ बारी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के कुछेक मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों में कहीं धूप खिली तो कहीं हल्की बारिश का क्रम जारी रहा। ऊना में रविवार को सुबह से अच्छी धूप खिली रही। हमीरपुर और बिलासपुर क्षेत्रों में जहां सुबह से हल्की धूप के साथ मामूली बारिश दर्ज की गई। इसी तरह सिरमौर में सुबह जहां धूप खिली, वहीं दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मौसम खराब बना रहा दोपहर को हल्की बारिश भी दर्ज गई लेकिन शाम के समय मौसम साफ बना रहा, जिससे मौसम में काफी ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेशभर में सोमवार से मौसम में हल्का बदलाव होगा, जिससे बर्फबारी व बारिश से हल्की राहत रहेगी। आमतौर पर सप्ताह भर मौसम शुष्क बना रहेगा। 

तापमान पर एक नजर
रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सुंदरनगर का 19.5, भुंतर 14.5, कल्पा 2.6, धर्मशाला 17.4, ऊना 25.0, नाहन 21.0, केलांग 1.4, पालमपुर 18.1, सोलन 17.5, मनाली 8.5, कांगड़ा 22.3, मंडी 18.5, बिलासपुर 22.2, हमीरपुर 22.3, चंबा 20.5, डल्हौजी 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह की मानें तो आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले व मध्यवर्ती स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। 21 नवम्बर से राज्य में मौसम साफ  होने की संभावना है।