हिमाचल की पहाड़ियों पर शुरू हुआ बर्फबारी का दौर, तापमान में गिरावट

Wednesday, Nov 08, 2017 - 10:36 PM (IST)

मनाली: मनाली सहित लाहौल की ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बुधवार दोपहर बाद ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए जबकि घाटी बादलों से ढकी रही। पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी होने से तापमान भी लुढ़क गया है। देश-विदेश के सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे ने भी बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। बुधवार सुबह धूप खिली लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और एक बार फिर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। हालांकि मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है लेकिन मौसम के तेवर ऐसे ही रहे तो लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। चुनावों के चलते मनाली-केलांग मार्ग पर अभी वाहनों की चहलकदमी है। बी.आर.ओ. ने बारालाचा दर्रे से अपना कारोबार समेट लिया है लेकिन पटसेउ और दारचा में अभी भी छिटपुट काम चला हुआ है। 

...तो मनाली-लेह मार्ग पर थम जाएगी वाहनों की रफ्तार 
बर्फबारी का क्रम तेज हो जाता है तो मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम जाएगी। स्पीति को लाहौल से जोडऩे वाले कुंजुम दर्रे में भी हल्की बर्फबारी हो रही है। लाहौल घाटी के बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला जोत बर्फ  की सफेद चांदी से चमक उठी है जबकि नैनगार व नीलकंठ की पहाडिय़ों व लेडी ऑफ  केलांग सहित समस्त ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई है। 

बढ़ सकती हैं लोगों की दिक्कतें
मौसम के तेवर ऐसे ही रहे तो लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। रोहतांग दर्रे सहित धुंधी जोत, हामटा की पहाडिय़ों, भृगु व दशौहर से लेकर चंद्रखणी जोत सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर चला हुआ है। इन दिनों मनाली में सैलानियों की आमद कम है लेकिन बर्फबारी होती है तो सैलानियों की आमद बढ़ सकती है।