चूड़धार सहित सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, तापमान में गिरावट से ठंड का प्रकोप बढ़ा

Saturday, Feb 24, 2024 - 09:15 PM (IST)

नाहन (चंद्र): सिरमौर जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट आई। समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। इसके अलावा जिले के कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में बर्फबारी शुरू हुई। इसके अलावा हरिपुरधार, गत्ताधार व नौहराधार में भी हल्की बर्फबारी हुई। गत दिनों से मौसम साफ रहने से तापमान में वृद्धि से लोगों ने ठंड से कुछ राहत ली थी लेकिन अब फिर तापमान में गिरावट के चलते उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।

शनिवार को सीजन का तीसरा हिमपात हुआ। चूड़धार में शनिवार सायं तक आधा फुट के करीब बर्फबारी हो चुकी थी। उधर, हरिपुरधार व नौहराधार आदि क्षेत्रों में बर्फबारी से वाहन चालकों और राहगीरों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। फिसलन के चलते कई जगह वाहन स्किड भी हुए। बर्फबारी से नौहराधार-पुन्नरधार, नौहराधार-बोगधार व नौहराधार-देवना थनगा मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा हरिपुरधार-समटाडा सड़क पर भी कुछ समय के लिए यातायात ठप्प रहा। बर्फबारी के कारण तापमान में आई भारी गिरावट के कारण गिरिपार क्षेत्र में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण लोग घरों के अंदर ही दुबके रहे।

बता दें कि इस मर्तबा जिला में बर्फबारी काफी कम हुई है। इसके चलते किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। सेब, आड़ू व अन्य गुठलीधार पौधों को व्यापक चिंलिंग ऑवर नहीं मिल पाए। प्रूनिंग, मल्चिंग व अन्य कार्य भी देरी से हो पाए। इसके अलावा समय पर बारिश न होने से किसानों की गेहूं, लहसुन व प्याज की फसल भी प्रभावित हुई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay