रोहतांग दर्रे ने ओढ़ी बर्फ की चादर, कारोबारियों के चेहरों पर आई मुस्कान

Friday, Sep 14, 2018 - 07:26 PM (IST)

मनाली: देशभर से हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। देश व दुनिया के पर्यटकों को बर्फ  के दीदार करवाने वाले रोहतांग दर्रे ने बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार को मौसम के करवट बदलते ही ऊंची चोटियों में बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम भी शुरू हो गया है। बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। मनाली और केलांग में मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है।

बारालाचा में बर्फबारी से जोखिम बढ़ा
बारालाचा में बर्फ के फाहे गिरने से जोखिम बढ़ा है। ऊंचाई वाली पहाडिय़ां बर्फ  के फाहों से सराबोर हुई हैं। मनाली की ओर से रोहतांग की ऊंची चोटियों में भी बर्फ  के फाहे गिरे हैं। धुंधी जोत, मकरबेद-शिकरबेद, हनुमान टिब्बा, इंद्र्र किला, चंद्रखणी, भृगु व दशौहर की पहाडिय़ों सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ  के फाहे गिर रहे हैं। इन दिनों अधिकतर सैलानी शिमला से वाया किन्नौर व लाहौल-स्पीति होते हुए रोहतांग पहुंच रहे हैं।

बर्फबारी से पर्यटन व्यवसायी खुश
रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से पर्यटन व्यवसायी भी खुश हैं जोकि महीनों से मंदी की मार झेल रहे हैं। उन्हें बर्फबारी से शीघ्र कारोबार की उम्मीद जगी है। रोहतांग के उस पार बारालाचा, शिंकुला जोत, कुंजंम जोत, छोटा व बड़ा शिघरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ  केलांग व नील कंठ की पहाडिय़ों सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ  के फाहे गिर रहे हैं। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबार में बढ़ौतरी होगी।

बर्फबारी से बी.आर.ओ. की दिक्कतें बढ़ीं
सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने बताया कि मनाली-लेह मार्ग सहित मनाली-काजा और तांदी-संसारी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है। उन्होंने कहा कि ऊंची चोटियों में बर्फबारी होने से बी.आर.ओ. की दिक्कतें बढ़ीं हैं। बी.आर.ओ. मनाली-लेह मार्ग पर डबललेन के साथ-साथ पुलों का भी निर्माण कर रहा है।

Vijay