मनाली में बर्फबारी से दोगुनी हुईं लोहड़ी पर्व की खुशियां, रोहतांग दर्रे में 4 फुट हिमपात

Saturday, Jan 14, 2023 - 07:24 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): पर्यटन नगरी मनाली में एक फुट हिमपात से लोहड़ी पर्व की खुशियां दोगुना हो गई हैं। जिला मुख्यालय केलांग में मात्र 3 इंच, उदयपुर जालहमा 2 इंच, दारचा व जिस्पा में आधा फुट हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे में 4 फुट जबकि शिंकुला, कुंजुम व बारालाचा में 2 फुट हिमपात हुआ है। वहीं अटल टनल के साऊथ पोर्टल में 3 फुट ताजा हिमपात हुआ है। कम बर्फबारी होने से लाहौल में जनजीवन सामान्य है। घाटी में आम वाहनों के पहिए थम गए हैं, लेकिन फोर व्हील ड्राइव वाहन दौड़ रहे हैं। रोहतांग के इस ओर भारी हिमपात होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 

मनाली की ऊझी घाटी में भारी हिमपात हुआ है। घाटी सहित मनाली शहर में ठहरे पर्यटकों को सुबह के समय भारी समस्या का सामना करना पड़ा, वापस जाने वाले पर्यटकों के वाहन बर्फ में फंस गए तो कहीं-कहीं धक्के लगाकर वाहन बाहर निकाले। दूसरी ओर बाहरी राज्यों से वोल्वो बसों से सुबह मनाली पहुंचे पर्यटकों को क्लाथ से आलू ग्राऊंड के बीच ही उतार दिया। इन पर्यटकों को अपने होटलों में पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने बताया कि हिमपात होने से दिक्कत हुई है लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रखने के हरसंभव प्रयास किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि सुबह ही शहर की सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि सभी सड़कों से बर्फ  समय पर हटा दी गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay