लाहौल-स्पीति में हिमपात का दौर जारी, त्रिलोकनाथ में हिमस्खलन से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त

Thursday, Feb 24, 2022 - 09:08 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): जिला लाहौल-स्पीति के त्रिलोकनाथ के समीप वीरवार को हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन होने से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बता दें कि बुधवार को केलांग के समीप बिलिंग नाले में भी 5 जगह हिमस्खलन हुआ है, जिसे बीआरओ ने हटा दिया है। लाहौल-स्पीति जिले में तीसरे दिन भी हिमपात का क्रम जारी है। लाहौल घाटी में 2 फुट के लगभग हिमपात हो चुका है जबकि स्पीति में भी हल्का हिमपात हुआ है। लाहौल घाटी में हिमापत से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जगह-जगह हिमस्खलन होने से बीआरओ सहित ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गईं हैं। भारी हिमपात के चलते बीआरओ की सड़क बहाली की मुहिम भी प्रभावित हो गई है। 

शिंकुला दर्रे में 3 फुट से अधिक हिमपात

मनाली-लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे सहित तंगलंगला व लाचुंगला में भारी हिमपात हो रहा है। इन दर्रों में 3 दिन के भीतर 3 फुट से अधिक बर्फ गिर चुकी है। जांस्कर घाटी को जोड़ने वाले शिंकुला दर्रे में भी 3 फुट से अधिक हिमपात हुआ है। लाहौल मंडल में सभी 86 सड़कें, उदयपुर में 49 जबकि स्पीति मंडल में 43 में से 36 सड़कें बंद हैं। लाहौल के कुछ एक स्थानों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई है। एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि जिला में हिमपात के कारण सभी सड़कें बंद हैं तथा अभी भी हिमपात जारी है। आने वाले 2-3 दिनों में भी मौसम खराब रहने कि संभावना है। स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को हिदायत दी जाती है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। 

चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क

रक्षा भू-भाग अनुसंधान (डीजीआरई) द्वारा हिमस्खलन की चेतावनी देने के बाद कुल्लू व लाहौल-स्पीति प्रशासन भी सतर्क हो गया है। लाहौल-स्पीति के ग्रामीण क्षेत्रों में 2 से अढ़ाई फुट जबकि मनाली घाटी के सभी ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में 1 से डेढ़ फुट हिमपात हो चुका है। भारी बर्फबारी से समस्त ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर पंचायत प्रतिनिधियों, होटल व होम स्टे संचालकों, ट्रैकरों व गैर-सरकारी संगठनों को सतर्क रहने को कहा है। डीजीआरई ने भी मनाली के ऊपरी क्षेत्रों कोठी, राहनीनाला, सोलंगनाला, धुंधी व अटल टनल के साऊथ व नॉर्थ पोर्टल सहित कोकसर-सिस्सू-तांदी, दारचा, किर्तिंग, थिरोट, कुकुमसेरी, उदयपुर से शौर, स्पीति के लोसर, ताबो-काजा-सुमदो में हिमस्खलन की संभावना जताई है। डीसी लाहौल-स्पीति नीरज  व एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं। भारी बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay