रोहतांग दर्रे साहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी, लाहौल से जांस्कर घाटी का सम्पर्क कटा

punjabkesari.in Thursday, Dec 29, 2022 - 07:02 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में भारी हिमपात हुआ है। शिंकुला में बर्फबारी होने से लेह की जांस्कर घाटी का लाहौल से सम्पर्क कट गया है। हालांकि सुबह के समय फोर व्हील ड्राइव वाहन मनाली से शिंकुला होते हुए जांस्कर की ओर रवाना हुए लेकिन दोपहर बाद यह मार्ग यातायात के लिए बन्द हो गया। लेह-मनाली मार्ग बारालाचा दर्रे में हिमपात होने से जबकि मनाली-काजा मार्ग कुंजम दर्रे में हिमपात के चलते 15 नवम्बर से बन्द है। सुबह प्रशासन ने पर्यटकों को लाहौल की ओर जाने की अनुमति दे दी। सुबह से दोपहर तक पर्यटकों ने अटल टनल के नार्थ पोर्टल  में बर्फ के फाहों का आनंद लिया। इस बीच पर्यटक बर्फ के फाहों में खूब झूमे। हिमपात का क्रम तेज होता देख प्रशासन ने पर्यटकों को लाहौल से मनाली की ओर भेज दिया। 

बर्फबारी के चलते गुलाबा से आगे नहीं जा पाए सैलानी
प्रशासन ने डेढ़ महीने बाद वीरवार से रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल किया था लेकिन मौसम खराब रहने के चलते पर्यटक रोहतांग की वादियों का रुख नहीं कर पाए। हालांकि पहले दिन वाहन चालकों व पर्यटकों ने कुछ ऑनलाइन परमिट भी बुक किए लेकिन सुबह से ही मौसम खराब हो गया जिस कारण जोखिम को देखते हुए पुलिस ने गुलाबा से आगे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी। 11 बजे के बाद रोहतांग दर्रे में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। दोपहर बाद राहनीनाला सहित पर्यटन स्थल मढ़ी, ब्यास नाला व गुलाबा में भी बर्फबारी शुरू हो गई। वाहन चालक खेम, रोशन व सुरेंद्र ने बताया कि वे पर्यटकों को लेकर मढ़ी की ओर निकले थे लेकिन मौसम उनकी राह में बाधा बन गया। रोहतांग की ओर न जाने के कारण पर्यटक निराश भी हुए। एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पर्यटकों के लिए मढ़ी बहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि मढ़ी की ओर पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

सोलंगनाला से आगे नहीं जाने दिए वाहन
पर्यटन नगरी मनाली में वीरवार सुबह से ही मौसम खराब रहा। बर्फ की आशंका को देखते हुए मनाली पुलिस ने पहले ही वाहनों को सोलंगनाला में रोक दिया था। दोपहिया वाहनों काे आज सोलंगनाला से आगे नहीं जाने दिया। 11 बजे के बाद मौसम का तेबर बिगड़ते ही फोर व्हील ड्राइव वाहनों के अलावा कोई वाहन आगे नहीं जाने दिया गया। 

टनल के पास कई वाहन फंसे
देर शाम टनल के समीप फिसलन बढ़ने से कई वाहन फंस गए हैं। जिन्हें पुलिस की टीम धीरे-धीरे मनाली की ओर भेज रही है। डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सोलंगनाला में ही वाहनों को रोक दिया था लेकिन सुबह-सुबह कई वाहन लाहौल की ओर गए थे। शाम को लौटते वक्त कुछ वाहन टनल पार करते ही कैंची मोड़ के पास स्किड हो गए। इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य है और वाहनों का काफिला धीमी गति से मनाली आ रहा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News