हाटू पीक ने ओढ़ी बर्फ की चादर, क्षेत्र में बढ़ा शीतलहर का प्रकोप

Saturday, Nov 03, 2018 - 08:23 PM (IST)

कुमारसैन: जिला शिमला की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नारकंडा की हाटू पीक में शनिवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। शुक्रवार को बिगड़े मौसम के मिजाज के बाद शनिवार सुबह हाटू में बर्फ के फाहे गिरने से उपमंडल कुमारसैन के नारकंडा सहित कोटगढ़, सांगरी, कांगल, छबीशी में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। हाटू में बर्फबारी के साथ ही कुमारसैन कोटगढ़ में शनिवार को जमकर बारिश हुई। सीजन की पहली बारिश सेब बाहुल्य क्षेत्रों में बागवानों के लिए सुखदायी खबर भी लेकर आई है। बागवानों को इस वर्ष जमकर सर्दी बरसने की संभावना भी बन गई है। जो आगामी सेब सीजन के लिए काफी लाभकारी होगा।

नारकंडा में बढ़ सकती है पर्यटकों की आवाजाही
उधर, बर्फबारी होने से नारकंडा में पर्यटकों की आवाजाही बढऩे की भी संभावना भी बढ़ गई है। नवम्बर माह में ही बर्फ गिरने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के भी रोजगार बढऩे की उम्मीद बनी है। पर्यटन निगम के होटल हाटू के मैनेजर विपिन जिष्टू ने बताया कि हाटू में सीजन की पहली बर्फबारी पर्यटकों के लिए सुखदायी खबर है। उन्होंने बताया कि इन दिनों नारकंडा में कोलकाता से पर्यटक आए हुए हैं जो दीवाली के लिए वापस निकल जाएंगे। उन्होंने बताया कि दीवाली के बाद नारकंडा-हाटू में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।

Vijay