बर्फबारी न हुई तो मार्च में खुल जाएगा रोहतांग

Friday, Feb 23, 2018 - 12:23 PM (IST)

मनाली (सोनू): बर्फ से लकदक रोहतांग दर्रे की बहाली को बी.आर.ओ. ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बी.आर.ओ. मार्च के प्रथम सप्ताह रोहतांग बहाली शुरू कर देगा। इस साल बर्फबारी पर्याप्त नहीं हुई है। इस कारण दर्रे सहित पहाड़ अभी से खाली होने लगे हैं। मौसम साफ रहा और मार्च में बर्फबारी अधिक नहीं हुई तो बी.आर.ओ. इस बार बहुत जल्द रोहतांग दर्रे को बहाल कर लेगा। लाहौल घाटी की अधिकतर सड़कों से बर्फ पिघल गई है। लाहौल घाटी की मुख्य सड़क केलांग-सिस्सू और केलांग-उदयपुर बहाल हो गया है। बर्फबारी अधिक न होने से लाहौल घाटी वाया किश्तवाड़-जम्मू जुड़ गई है। 


घाटी के लोग इस मार्ग से टैक्सी द्वारा बाहर निकल रहे हैं। हवाई सेवा सहित रोहतांग सुरंग से भी लोग आपात स्थिति में घाटी से बाहर निकल रहे हैं लेकिन किश्तवाड़ जम्मू मार्ग के बहाल होने से घाटी के लोगों को राहत मिली है। लाहौल निवासी दोरजे और टशी ने बताया कि पटन घाटी में सड़क बहाल होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि सड़क के बहाल होने से टैक्सी सेवा भी लोगों को मिल गई है। चंद्रा घाटी के निवासी आशा बौद्ध ने बताया कि केलांग से सिस्सु तक सड़क बहाल है। सड़क बहाल होने से रोहतांग सुरंग के नार्थ पोर्टल तक लोगों को टैक्सी सेवा मिल गई है। उदयपुर निवासी जगदीश ने बताया कि किश्तवाड़ मार्ग बहाल होने से लोगों को राहत मिल गई है। एच.आर.टी.सी. आर.एम. केलांग मंगल चंद मनेपा ने बताया कि लाहौल घाटी की सड़केंं छोटी गाड़ियों के लिए बहाल कर दी गई हैं। 


रोहतांग दर्रे में बर्फ कम
बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल अरविंद कुमार अवस्थी ने बताया कि रोहतांग दर्रे में बर्फ  कम है। मौसम साफ रहा तो बी.आर.ओ. मार्च के प्रथम सप्ताह रोहतांग बहाली का कार्य शुरू कर देगा।