हिमाचल के इन 5 जिलों में कहर बरपा सकती है बर्फबारी

Saturday, Feb 10, 2018 - 01:28 AM (IST)

शिमला: अगले 48 घंटों में प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी होगी। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिन तक भारी बर्फबारी कहर बरपा सकती है। राज्य के मध्यवर्ती और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में 11 व 12 फरवरी को भारी हिमपात की चेतावनी दी गई है। स्थानीय मौसम विभाग ने यह आशंका जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बाकायदा एडवाइजरी जारी कर बर्फबारी की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से किसानों-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। विंटर सीजन में राज्य में सामान्य से कम बारिश-बर्फबारी हुई है। मौसम की बेरुखी से राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में गेहूं और पर्वतीय इलाकों में सेब की फसल को नुक्सान पहुंचा है।

शिमला, कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भारी बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 10 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा तथा इसका प्रभाव 4 दिन तक रहेगा। उन्होंने बताया कि 11 व 12 फरवरी को शिमला, कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिला में बहुत भारी बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 10 व 13 फरवरी को इन क्षेत्रों में सामान्य बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद 14 फरवरी को मौसम साफ  हो जाएगा लेकिन 15 फरवरी से फिर मध्यवर्ती और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की उम्मीद है। इस अवधि में राज्य के मैदानी इलाकों में गर्ज के साथ बारिश होगी।

अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज 
शुक्रवार को साफ  मौसम के बावजूद राज्य में ठंड का कहर जारी रहा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शिमला का अधिकतम तापमान 12.6 और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 3 पर्वतीय जिलों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का केलंग प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा किन्नौर जिले के कल्पा में माइनस 3 और कुल्लू जिले के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में माइनस 1 डिग्री सैल्सियस रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं शिमला से सटे सोलन में 1.5, डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह चम्बा में न्यूनतम तापमान 2.6, भुंतर व पालमपुर में 3, बिलासपुर में 3.2, कांगड़ा में 3.6, मंडी में 3.9, हमीरपुर में 4, ऊना में 5.2, जुब्बड़हट्टी में 5.3, नाहन में 6.4 और धर्मशाला में 7.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।