मौसम ने बदली करवट, मनाली व लाहौल की पहाड़ियों पर बर्फबारी शुरू

Wednesday, Jun 27, 2018 - 05:53 PM (IST)

मनाली: मौसम के करवट बदलते ही मनाली और लाहौल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। 15 हजार फुट से अधिक ऊंचाई वाले धुंधी जोत, मकरसवेद, शिकरवेद, हामटा जोत, इंद्र किला, हनुमान टिब्बा, चंद्रखणी, भृगु व दशौहर झील की पहाड़ियों सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हुआ है। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी न होने से वाहनों की आवाजाही सामान्य चल रही है लेकिन बर्फबारी व बारिश से ठंड बढ़ गई है। दूसरी ओर लाहौल-स्पीति की वादियों में भी मौसम ठंडा हो गया है। लाहौल के बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला जोत, कुंजुम जोत, बड़ा व छोटा शिघरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ  केलांग, नीलकंठ झील सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है।


रोहतांग में बर्फ के फाहों का इंतजार कर रहे सैलानी
मनाली आ रहे सैलानियों को भी रोहतांग में बर्फ  केफाहों का इंतजार है। बुधवार को बर्फ  के दीदार करने को लेकर 1000 से अधिक पर्यटक वाहनों में सैलानियों ने रोहतांग के मढ़ी में दस्तक दी है। मनाली-लेह मार्ग सहित मनाली स्पीति मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही सुचारू है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में रसद पहुंचाने का कार्य भी जारी है।


4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन के अनुसार राज्य में आगामी 4 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। बुधवार व वीरवार को अधिकांश क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। परिस्थितियां सामान्य रहीं तो इस वर्ष मानसून के सामान्य बरसने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 जून से प्रदेश में बरसात शुरू हो जाएगी।

Vijay