बर्फ के बीच से जिंदा बचा लाए बेसहारा पशु

Monday, Jan 16, 2017 - 02:48 PM (IST)

मनाली: बर्फबारी के बीच घायल पड़े बेजुबान बछड़े को सेव संस्था मनाली के युवा जिंदा बचाने में सफल रहे। युवाओं ने घायल पड़े बछड़े को गाड़ी द्वारा गौसदन पहुंचाया और उसकी देखभाल की। उन्होंने पशु चिकित्सक की भी मदद ली और जिंदगी की जंग लड़ रहे बछड़े को मौत के मुंह से बचा लिया। सेव मनाली संस्था के सदस्यों को होटल जरीम के प्रबंधक बलविंद्र ठाकुर ने जानकारी दी कि उनके होटल के पास एक बछड़ा बर्फ  में घायल पड़ा है। संस्था के युवाओं ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए उसे गौसदन पहुंचा दिया। इससे पहले भी इन युवाओं ने बर्फबारी से पहले दर्जनों पशुओं को इकट्ठा कर गौसदन पहुंचाया था। सेव संस्था के युवा नगर परिषद द्वारा रांगड़ी में चलाए जा रहे गौसदन को व्यवस्थित ढंग से चला रहे हैं। सेव मनाली संस्था के अध्यक्ष कोयले ठाकुर, संस्थापक सदस्य सन्नी शर्मा और अजय ने बताया कि सेव मनाली से जुड़े युवा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।


100 के करीब जीप घास इकट्ठा कर पहुंचाई गौसदन 
इन युवाओं ने घाटी वासियों के सहयोग से 100 के करीब जीप घास एकत्रित कर गौसदन पहुंचाया है। इस गौसदन में 300 के लगभग पशुओं को सहारा दिया गया है। भारी संख्या में एकत्रित हुए बेसहारा पशुओं की व्यवस्था करना नप मनाली के लिए चुनौती बना हुआ है लेकिन इन युवाओं की मदद से पशुओं को बेहतर सहारा मिला हुआ है।