ग्राहक का था इंतजार, पहुंच गई पुलिस; 3.18 ग्राम चिट्टे साथ पकड़ा गया तस्कर
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 05:23 PM (IST)
Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत औद्योगिक नगर बद्दी की पुलिस टीम ने नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुस्ताक मोहम्मद (26), निवासी रोतांवाला (बद्दी) के रूप में हुई है, जिसे अवैध मादक पदार्थ 'चिट्टा' के साथ पकड़ा गया है।
चिट्टा तस्कर गिरफ्तार
बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल को पुख्ता जानकारी मिली थी कि नंदपुर गांव के पास एक युवक अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर नशा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब आरोपी की मोटरसाइकिल (HP12J-5343) की गहनता से तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने चालाकी से बाइक के बैटरी बॉक्स के पास एक पारदर्शी जिप पाउच में नशा छुपाया हुआ था। जांच करने पर उसमें से 3.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
क्या बोले डीएसपी?
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं।"

