Chamba: चिट्टे के साथ पकड़ा तस्कर...पुलिस गिरफ्त से की भागने की कोशिश, कोर्ट ने रिमांड पर भेजा
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 11:42 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिला में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने पुलिस गिरफ्त से भागने की भी कोशिश की, लेकिन जवानों की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात तीसा पुलिस की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान हैलीपैड भंजराड़ू के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता हुआ पाया गया। पुलिस ने जब उसे रुकवाकर तलाशी ली, तो उसके पास से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशा जब्त कर आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान शाहिद खान उर्फ हैप्पी (34) पुत्र वजीर मुहम्मद, निवासी गांव ढांजू, डाकघर खुशनगरी के रूप में हुई है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ शुक्रवार को तब आया, जब पुलिस टीम आरोपी को पेशी के लिए न्यायालय ले जा रही थी। इस दौरान शाहिद खान ने अचानक पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। हालांकि, साथ चल रहे पुलिस जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया और दोबारा धर दबोचा। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसपी चम्बा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधि में शामिल दिखाई दे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

