6 KG चिट्टा बरामदगी मामले में पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, दिल्ली में दबोचा स्मगलर

Thursday, Jul 08, 2021 - 11:50 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): अब लॉकडाऊन खुलने के साथ ही हैरोइन के स्मगलर सक्रिय होने लगे हैं। पुलिस ने पूर्व में 6 किलोग्राम हैरोइन बरामदगी के मामले में दिल्ली से एक स्मगलर को दबोचा है। इसे कुल्लू लाया जा रहा है। बीते रोज भी पुलिस ने एक तस्कर को भुंतर में 110 ग्राम हैरोइन के साथ धरा था। अब दिल्ली से एक और गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के अनुसार कुल्लू पुलिस की स्पैशल टीम ने जिले में हैरोइन लाने की कोशिश में 2 युवकों को 30 जनवरी को गिरफ्तार किया था। उनसे 55 ग्राम हैरोइन बरामद की गई और उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया था, उनकी कार भी जब्त की गई।

अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट का रहने वाला है आरोपी

इसका सप्लायर मुख्य सरगना दिल्ली में रहने वाला एक अफ्रीकी देश आइवरी कोस्ट का 38 वर्षीय नागरिक है। उसे कुल्लू पुलिस की टीम द्वारा मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 29 के अंतर्गत दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। रेड करके उससे 6.297 किलोग्राम हैरोइन और 362 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। यह हैरोइन के गढ़ पर हिमाचल प्रदेश पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी रेड थी।

4 महीने बाद पकड़ा गया आरोपी

अन्वेषण में यह बात सामने आई कि आइवरी कोस्ट के व्यक्ति को एक नाइजीरियन मूल के व्यक्ति ने रिहायश के लिए फ्लैट दिया था। नाइजीरियन ने खुद अपने नाम से फ्लैट लेकर हैरोइन के धंधे को अंजाम देने के लिए फ्लैट उसे दिया था। जिस दिन कुल्लू पुलिस ने रेड की थी उसी दिन से यह अपराधी ठिकाना बदल चुका था, जिसकी तलाश लगातार कुल्लू पुलिस कर रही थी। चार महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी मिलते ही इसे दिल्ली से पकड़ लिया गया है।  

14 विदेशी तस्कर अभी भी जेल में बंद

कुल्लू पुलिस द्वारा जुलाई 2019 से अभी तक 24 विदेशी नागरिकों को ड्रग्स के अवैध व्यापार करने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 17 अफ्रीकी मूल के हैरोइन सप्लायर हैं। जिनमें से 14 अभी भी जेल में बंद हैं।

आरोपी को किया जाएगा होगा कोर्ट में पेश

एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि इस स्मगलर को गिरफ्तार किया गया है। इस स्मगलर की पहचान एफाम्यूफ्ले गुडनेस नवाक्याब निवासी हाऊस नंबर 129 एजेगो रोड नाइजीरिया के रूप में हुई है। इसे मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 25 और 35 तथा फोरनर एक्ट की धारा 14 के तहत गिरफ्तार किया है। इसे कुल्लू लाया जा रहा है और इसको कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Content Writer

Vijay