SMS ठगी मामले के आरोपियों के इन बड़ी हस्तियों से निकले संबंध

Wednesday, Oct 10, 2018 - 02:23 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक महीने पहले हुए लगभग 50 करोड़ के SMS भेजो, पैसा कमाओ ठगी मामले में पीड़ितों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़ितों ने आरोपियों के सम्बन्ध 'हट जा ताऊ पाछे ने' फेम हरियाणवी गायक विकास कुमार और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से होने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपने आरोपों के पक्ष में मीडिया को आरोपियों की इन हस्तियों के साथ तस्वीरें दिखाई। पीड़ितों ने पुलिस से इन संबंधों का खुलासा किए जाने की गुहार लगाई है। 


उल्लेखनीय है कि करीब सवा महीने पहले ऊना में आरोपी 'इंडियन ऐडवर्टाइजमेंट कंपनी' के नाम से SMS भेजकर हर महीने पैसा कमाओ के नाम पर ऊना और आसपास के इलाके के करीब 250 फ्रैंचाइजी सहित 1 लाख से अधिक लोगों से रजिस्ट्रशन के नाम पर 3000 और एक साल तक हर महीने 5000 रुपए देने के योजना के जरिए लगभग 50 करोड़ का गोलमाल कर फरार हो गए थे। जिसके बाद पीड़ितों ने कंपनी ऑफिस में खूब हंगामा किया था। पीड़ितों ने शक जाहिर किया कि बड़े लोगों के साथ संबंध होने के कारण पुलिस मामले को सुलझा नहीं रही है। 

पीड़ितों की मानें तो उन्होंने फर्म पर भरोसा करके सैकड़ों लोगों को इसके साथ जोड़ा था लेकिन कंपनी के फरार होने के बाद लोग उन्हें धमकियां देकर पैसे लौटाने का दबाब बना रहे हैं। ऊना पुलिस ने भी जांच में मुख्य आरोपियों के बड़ी हस्तियों से संबंधों की बात स्वीकार की, लेकिन पुलिस ने इन संबंधों के आपराधिक स्तर पर होने का विषय फिलहाल जांच के दायरे में बताया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें कई राज्यों में सक्रिय होने की बात कही और आरोपियों के जल्द गिरफ्त में होने का दावा किया। 

Ekta