स्मृति ईरानी ने हैंडीक्राफ्ट उद्योग को ऊपर लाने के लिए शुरू की कवायद

Friday, Jun 14, 2019 - 11:35 AM (IST)

पालमपुर (प्रवीण): हिमाचल में हैंडीक्राफ्ट उद्योग को और अधिक विकसित करने के लिए तथा इसमें क्या नई चीजें शामिल की जा सकती हैं, इस विषय को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महानिदेशक ई.पी.सी.एच. राकेश शर्मा को शिमला भेजा तथा इस विषय पर मास्टर प्लान तैयार करने के लिए मुख्य सचिव की प्रदेश सरकार द्वारा तैनाती की गई। जानकारी के अनुसार स्मृति ईरानी के साथ इस उद्योग को विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री ने चर्चा की थी। हिमाचल के इस उद्योग पर कुछ विशेष लोगों द्वारा कब्जा किया गया है लेकिन वे उसी पुराने ढर्रे पर इस कार्य को चला रहे हैं। 

इस कार्य में महानिदेशक राकेश शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रखी है तथा इसी अनुभव का फायदा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री ने उनको इस कार्य के लिए प्रदेश में तैनात किया है। प्रदेश में इस सारे कार्य की मॉनीटरिंग खुद मुख्य सचिव कर रहे हैं तथा हिमाचल प्रदेश में इसको किस प्रकार से विकसित करना है उसके लिए महानिदेशक ई.पी.सी.एच. कार्य कर रहे हैं। इसी संदर्भ में एक बैठक का आयोजन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शिमला में हुआ ताकि प्रदेश में हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, रेशम, कालीन और संस्कृति व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख कार्यक्रम लागू किया जा सके। इस अवसर पर बैठक के दौरान आई.ए.एस. रोहन ठाकुर तथा गोपाल शर्मा भी मौजूद थे।

Ekta