स्मार्ट बिजली मीटर का स्मार्ट झटका! किराए की दुकान का आया इतना बिल...दुकानदारों के उड़े होश
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 06:38 PM (IST)
टाहलीवाल (गौतम): हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर लोगों के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। ऊना जिले के हरोली उपमंडल के तहत टाहलीवाल बाजार में स्मार्ट मीटर का एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किराए की दुकान चलाने वाले व्यक्ति को बिजली विभाग ने 71,986 रुपए का भारी-भरकम बिल थमा दिया है। इस झटके से न सिर्फ वह दुकानदार सदमे में है, बल्कि पूरे ललड़ी मार्ग के व्यापारी भड़क उठे हैं।
इतना भारी बिल आने के बाद सभी दुकानदार इकट्ठे होकर टाहलीवाल स्थित सहायक अभियंता के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एक मांग पत्र सौंपा। दुकानदारों ने बताया कि उनके साथी दुकानदार सुभाष कुमार की दुकान में लगे स्मार्ट मीटर (उपभोक्ता आईडी-10000215371) का बिल 71,986 रुपए आया है। दुकानदारों ने चेताया कि आज यह सुभाष के साथ हुआ है, कल को किसी भी दुकानदार के साथ ऐसा हो सकता है। उन्होंने तुरंत इस बिल को ठीक करने की मांग की है।
रोष जता रहे दुकानदार महेश कुमार, दिलबाग, सीताराम सैनी, सतपाल शर्मा, गुरमेल चंद, अविनाश और अन्य व्यापारियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बिजली विभाग ने उनकी बिना अनुमति के दुकानों में ये स्मार्ट मीटर थोप दिए हैं। दुकानदारों ने स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि इन खामियों वाले स्मार्ट मीटरों को तुरंत हटाकर वापस पुराने मीटर लगाए जाएं, क्योंकि भविष्य में यह समस्या हर किसी के साथ आ सकती है। दुकानदारों ने कहा कि स्मार्ट मीटर न लगाने को लेकर वे पहले भी विभाग को मांग पत्र सौंप चुके थे, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई।
उधर, विद्युत उपमंडल कार्यालय टाहलीवाल के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार का कहना है कि अगर इस बिजली बिल में कोई तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो उसे तुरंत प्रभाव से सही कर दिया जाएगा।

