आसमान से फिर 'सफेद' आफत, अगले 12 घंटे संभल कर (Watch Video)

Monday, Jan 16, 2017 - 05:13 PM (IST)

शिमला: हिमाचल की राजधानी हिल्स क्वीन शिमला समेत सभी मध्यवर्ती और ऊपरी इलाकों में सोमवार सुबह करीब 7 बजे से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। शिमला और ऊपरी इलाकों में लगभग सभी सडकें भारी बर्फबारी के कारण बंद हो गई हैं। कुफरी, फागु, नारकंडा, खड़ा पत्थर जैसे कई इलाकों में अभी तक आधा से 1 फीट तक बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी के कारण हिमाचल पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गया है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।  पिछले दिनों हुई बर्फबारी से राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ था। मौसम विभाग के सरकार को भेजे गए अलर्ट के बाद सभी एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग की माने तो आगामी 12 घंटे अभी थोड़ा सम्भलकर रहना होगा। लोगों को चेतावनी जारी कर घरों में रहने की सलाह दी है। बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने के साथ ही पूरी राजधानी शीतलहर की चपेट में आ गई है। अभी भी प्रदेश के जनजातीय व ऊपरी क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त है। शिमला में 2 इंच से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है। शिमला के ठियोग में भी सुबह से बर्फबारी जारी है। ठियोग में सुबह से ही 3 इंच बर्फ दर्ज हुई है। 


सभी जिलों में बर्फबारी का दौर शुरू
बर्फबारी के कारण एनएच-5 पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। बर्फबारी से भरमौर मुख्य मार्ग, करसोग- मंडी मार्ग और एनएच 305 भी बंद है। भरमौर और लाहौल स्पीति में एक फीट से अधिक बर्फबारी है। पर्यटन स्थल कुफरी में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं शिकारी देवी और किन्नौर में 4 इंच से अधिक बर्फबारी दर्ज की गई। सोलन में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट है। कुल्लू घाटी में भी सुबह से बारिश का दौर शुरू है और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर भी शुरू हुआ है। वहीं सिरमौर जिला के हरिपुरधार में फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। जिससे क्षेत्र में आधा फीट से अधिक ताजा बर्फबारी दर्ज हुई है।