इन 6 नेत्रियों में से किसी एक की महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर होगी ताजपोशी

Tuesday, Nov 06, 2018 - 10:37 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर 6 नेत्रियां मुख्य रूप से दौड़ में शामिल हैं। इनमें कांगड़ा से 1, मंडी से 3 और शिमला संसदीय क्षेत्र से 2 नेत्रियां शामिल हैं। सूचना के अनुसार मंडी से विद्या नेगी, सुमन चौधरी व चंद्रप्रभा नेगी, कांगड़ा से संतोष शर्मा और शिमला संसदीय क्षेत्र से संबंध रखने वाली अनीता वर्मा व आशा कंवर में से किसी एक के नाम पर पार्टी हाईकमान अपनी मोहर लगा सकता है। सभी नेत्रियों के दिल्ली में इंटरव्यू भी हो चुके हैं। सूत्रों की मानें तो कांगड़ा और मंडी से महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर किसी नेत्री की ताजपोशी की जा सकती है। 

पिछले विधानसभा चुनाव में मंडी और कांगड़ा में कांग्रेस को खासा नुक्सान उठाना पड़ा था। जिला मंडी में तो कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। ऐसे में उक्त संसदीय क्षेत्रों को अधिमान दिया जा सकता है ताकि लोकसभा चुनाव में पार्टी को इन संसदीय क्षेत्रों में मजबूती मिल सके। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुशीला नेगी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके साथ ही हाल ही में उन्हें पार्टी हाईकमान ने ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस की नैशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी का सदस्य नियुक्त किया है। ऐसे में दिसम्बर माह के पहले सप्ताह में प्रदेश महिला कांग्रेस को नई अध्यक्ष मिल सकती है।

इनके नामों की भी हो रही पैरवी
प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर जैनब चंदेल, कुसुम वर्मा, सत्या गाजटा, नसीमा बेगम, अंजना धीमान व नीतू वर्मा सहित अन्य नेत्रियों के नामों की पैरवी भी हो रही है। ऐसे में देखना होगा कि पार्टी हाईकमान किस नेत्री को यह जिम्मेदारी सौंपता है।

Ekta