एस.आई.यू. सैल ने 970 ग्राम चरस सहित दबोचा युवक

Sunday, Jan 21, 2018 - 01:05 AM (IST)

चम्बा: लंबे समय से सुस्त पड़ा पुलिस का एस.आई.यू. सैल एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसी के चलते शुक्रवार की रात को इस सैल ने कोटी-तीसा मार्ग पर एक युवक को नशे की खेप सहित रंगे हाथों दबोचा। पुलिस ने उक्त युवक के खिलाफ पुलिस थाना चम्बा में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ए.एस.पी. चम्बा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस रिमांड की इस अवधि में आरोपी से इस मामले से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।

ऐसे गिरफ्तार किया युवक
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब पौने 8 बजे एस.आई.यू. सैल की टीम ने कोटी-तीसा मार्ग के बेही नामक स्थान पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान अंधेरे में एक युवक पैदल चला आ रहा था। जैसे ही उक्त युवक ने पुलिस को देखा तो भागने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। शक के आधार पर जब उससे पूछताछ की तो उसकी पहचान ओम प्रकाश (22) पुत्र रावण राम निवासी गांव खखड़ी डाकघर तीसा के रूप में हुई। पुलिस ने जब उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से 970 ग्राम चरस बरामद हुई जिस पर  पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।