देशी-विदेशी सैलानियों की सैरगाह बनेगी लग घाटी, वन महकमे ने शुरू की कदमताल

Saturday, Oct 19, 2019 - 08:08 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू मुख्यालय से सटी होने के बावजूद भी लग घाटी आज भी विकास की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाई है। दुनिया जहां चांद पर बसने की सोच रही है, वहीं प्राकृतिक सुंदरता से लबरेज लग घाटी विकास से कोसों दूर खड़ी है। स्वत्रंता के बाद निरंतर राजनीतिक उपेक्षा के चलते आज तक घाटी का कायाकल्प नहीं हो पाया है। अब प्रदेश सरकार ने घाटी में पर्यटन विकास को विकसित कर घाटी के लोगों की आर्थिकी को मजबूत करने का फैसला लिया है। सरकार ने घाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को संवारने तथा विकसित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके लिए विभागाधिकारियों की भी दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी को लेकर वन महकमे के अधिकारियों सहित लगघाटी पर्यावर्णीय पर्यटन विकास समिति के पदाधिकारियों ने मठासौर तथा बड़ासौर का साइट बिजिट किया। ब्रिटिश शासन काल के दौरान घाटी में एक पैदल मार्ग हुआ करता था जोकि आज अपना अस्तित्व खो चुका है। इसका पुनर्निर्माण कर घाटी को देशी-विदेशी सैलानियों की सैरगाह के रूप में विकसित किया जाएगा।

जिला भाजपा के मिडिया प्रभारी खुशहाल सिंह राठौर ने कहा कि सरकार घाटी के लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने के साथ-साथ इलाका वासियों की आर्थिकी को भी सुदृढ़ करना चाहती है। इसी को लेकर सरकार तथा विभागों ने घाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को चिन्हित करने का कार्य शुरू किया है। आगामी सप्ताह विभाग के अधिकारी लगघाटी के गोरूडुघ जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। वन महकमे ने ब्रिटिश हुक्कमरानों द्वारा निर्मित पैदल मार्ग जोकि सरकारी अपेक्षा के चलते अपना अस्तित्व खो चुका है, उसका पुनर्निर्माण करने का फैसला लिया है। इसके साथ पर्यटन व धार्मिक पर्यटन को कैसे विकसित किया जाए, इसको लेकर महकमा प्राकलन भी तैयार करेगा।

वन विभाग के अरण्यपाल अनिल शर्मा ने कहा कि कुल्लू-काईसधार-कडौन रैस्ट हाऊस तक पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक सुंदरता से लबरेज मठासौर तथा बड़ासौर को सड़क सुविधा से जोडऩे के लिए लोगों तथा विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगमी सप्ताह विभाग की टीम गोरूडुग़ का साइट बिजिट करेगी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी बीएस नेगी ने कहा कि विभाग विभिन्न विभागों का सहयोग लेकर लगघाटी के अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित कर घाटी में पर्यटन विकास की लौ जगाएगा। उधर, लग घाटी पर्यावर्णीय पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, महा सचिव कुशाल, मुख्य सलाहकार हुक्कम चाहडू, उपाध्यक्ष चमन ठाकुर, मोहर ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, सचिव रणवरी ठाकुर, अर्जन ठाकुर, सलाहकार मोहर सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष बलवीर ने कहा कि अगर सरकार घाटी में पर्यटन विकास की अलख जगाएगी तो घाटी में स्वरोजगार के द्वार खुलेंगे।

Vijay