World Championship में दौड़ता दिखेगा सिरमौर का दिव्यांग खिलाड़ी (PICS)

Tuesday, Jan 08, 2019 - 11:33 AM (IST)

नाहन (सतीश): 'पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है, मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। इस कहावत को सच करने जा रहा सिरमौर का दिव्यांग खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह। अगर ट्रायल सफल रहा तो वीरेंद्र वर्ल्ड चैंपियनशिप में दौड़ता नजर आएगा। बता दें कि सिरमौर के संगडाह से ताल्लुक रखने वाले दिव्यांग खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह ने दिल्ली में वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए ट्रायल दिया है और उन्हें चयन की पूरी उम्मीद है।


दुबई में फरवरी माह में आयोजित होने जा रही 11वीं फैजा इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए 2 व 3 जनवरी को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम में ट्रायल आयोजित हुआ था। जिसमें सिरमौर के दिव्यांग खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह ने उम्दा प्रदर्शन किया है जिसके बाद उन्हें चयन की पूरी उम्मीद है। वीरेंद्र सिंह ने 5 किलोमीटर की दौड़ 18 मिनट 35 सेकंड जबकि 800 मीटर की दौड़ 2 मिनट 25 सेकंड में पूरी कर दोनों प्रतिस्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने अपने चयन की उम्मीद जताई है।


दिल्ली में आयोजित ट्रायल में हिमाचल से कुल 3 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था जिसमें वीरेंद्र सिंह का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। ट्रायल के लिए वीरेंद्र सिंह का चयन पंचकूला में आयोजित 18वीं पेरा नेशनल चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। वीरेंद्र ने हाल में दिल्ली में आयोजित 21वीं उषा एथलीट चैंपियनशिप में हिमाचल को तीन रजत पदक दिलाए। उनके नाम पहले भी कई मुकाम हासिल हैं। इस दिव्यांग धावक ने कई बार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिला व प्रदेश का नाम रोशन किया है।

Ekta