अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस पर एकल नारियों ने निकाली रैली

Saturday, Jun 23, 2018 - 09:43 PM (IST)

धर्मशाला: प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन का ध्यान एकल नारियों को उनके जीवन में पेश आ रही समस्याओं की तरफ ध्यान केंद्रित करने के लिए शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर एकल नारी शक्ति संगठन द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में जिला के 4 विकास खंडों नगरोटा, कांगड़ा, रैत व धर्मशाला की एकल नारियों ने भाग लिया। एकल नारी शक्ति संगठन केबैनर तले एकल नारियों ने पोस्ट ऑफिस से डी.सी ऑफिस तक निकाली गई और इस रैली के उपरांत अपनी समस्याओं के बारे ए.डी.सी. कांगड़ा को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।


9 राज्यों की एकल महिलाएं पी.एम मोदी को भेजेंगी पोस्ट कार्ड
ए.डी.सी. को प्रेषित ज्ञापन में एकल नारियों की विभिन्न मांगों को पूरा करने की मांग सरकार व प्रशासन से की गई। ए.डी.सी. को सौंपे गए ज्ञापन में जानकारी देते हुए एकल नारी शक्ति संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राधा रघवाल ने बताया कि एकल नारी शक्ति संगठन के बैनर तले एकल नारियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी समस्याओं से अवगत करवाएंगी। एकल नारी शक्ति संगठन द्वारा एकल नारियों की समस्याओं बारे किसी भी सरकार द्वारा गंभीरता नहीं दिखाने के चलते यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर के 9 राज्यों की एकल महिलाएं पी.एम नरेंद्र मोदी को पोस्ट कार्ड के माध्यम से अपनी समस्याओं से अवगत करवाएंगी। एकल नारियों की मुख्य मांगों में जमीन में काश्तार के रूप में एकल महिला का नाम शामिल करना, स्वायत न्याय पंचायत लागू करना, परित्यक्त महिला को परिभाषित करना शामिल है। इसके अलावा जिला स्तर पर एकल नारी भवन बनाए जाने की मांग भी सरकार व प्रशासन से की गई है।


नारी शक्ति को बढ़ावा देने के सिर्फ नारे
उन्होंने बताया कि एकल नारी शक्ति संगठन पिछले लंबे समय से एकल नारियों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहा है लेकिन किसी भी सरकार ने एकल नारियों की समस्याओं के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखाई है। नारी शक्ति को बढ़ावा देने के सिर्फ नारे दिए जाते हैं, लेकिन एकल नारी जिसे कि सबसे ज्यादा जरूरत है उसे सहारा नहीं दिया जा रहा है। सैंकड़ों-हजारों एकल नारियां नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं लेकिन उनकी समस्या की तरफ किसी का ध्यान तक नहीं जा रहा।

Vijay