सिंघी राम के बयान पर भड़की रामपुर कांग्रेस

Thursday, Sep 21, 2017 - 12:28 PM (IST)

रामपुर बुशहर: ब्लाक कांग्रेस रामपुर पूर्व मंत्री सिंघी राम रामपुर के बयान से भड़क गई है। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष सतीश वर्मा, महासचिव जे.एल. डमालू, साहिब सिंह वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सिंघीराम को वर्ष 2007 से ब्लाक कांग्रेस से निष्कासित किया गया है। वह बीते 10 वर्षों में ब्लाक कांग्रेस की किसी भी बैठक में उपस्थित नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2007 से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं, इसके पर्याप्त सबूत ब्लाक कांग्रेस के पास हैं। उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस पार्टी के लिए एक प्राइवेट कंपनी कहना उचित नहीं है। 


सिंघी के बयान की कांग्रेस ने निंदा की
इससे कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पूर्व मंत्री कुछेक लोगों का भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। वह कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने के लिए भाजपा से संपर्क करते रहते हैं। वह ब्लाक कांग्रेस के दम पर रामपुर से विधायक चुने गए थे। इससे पूर्व रामपुर ब्लाक कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से नंदलाल के नाम पर सहमति बनाई है। बैठक में ब्लाक से सिर्फ एक ही नाम भेजने की सिफारिश की गई है। सिंघी के उस बयान की घोर निंदा की गई, जिसमें उन्होंने ब्लाक कांग्रेस को प्राइवेट कंपनी कहा था। 


कांग्रेस ने एकजुट होकर नंदलाल को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया
इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और नंदलाल के नेतृत्व में विश्वास जताया। कांग्रेस ने एकजुट होकर नंदलाल को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस रामपुर की महिला अध्यक्षा सत्या भूषण ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं एम.एल.ए. नंदलाल के साथ हैं और हमेशा रहेंगी। उन्होंने कहा कि इनके साथ हमारी सभी महिलाएं चट्टान की तरह खड़ी हैं।