नाहन नगर परिषद की अध्यक्ष बनीं श्यामा पुंडीर, अविनाश गुप्ता बने उपाध्यक्ष

Tuesday, Jan 19, 2021 - 04:56 PM (IST)

नाहन (सतीश): देश की सबसे पुरानी नगर परिषदों में शुमार नाहन नगर परिषद को नई अध्यक्ष मिल गई है। बीजेपी समर्थित श्यामा पुंडीर नगर परिषद की नई अध्यक्ष होंगी। श्यामा पुंडीर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की बहन हैं जिन्होंने शहर के वार्ड नंबर-1 से दूसरी बार लगातार चुनाव जीता है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए मंगलवार को नगर परिषद हाल नाहन में मत डाले गए, जिसमें सभी भाजपा व कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने हिस्सा लिया। नाहन नगर परिषद में श्यामा पुंडीर को अध्यक्ष जबकि अविनाश गुप्ता को उपाध्यक्ष चुना गया है। गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित हुए चुनाव में नाहन नगर परिषद में भाजपा समर्थित 8 जबकि कांग्रेस समर्थित 5 पार्षदों ने जीत दर्ज की थी।

बिंदल ने जताया जनता का आभार

इस मौके पर मौजूद स्थानीय बीजेपी विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि एक बार फिर शहर की जनता ने इन चुनावों में बीजेपी को समर्थन किया है, जिसके लिए पार्टी मतदाताओं का आभार जताती है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल में कई विकास कार्य नगर परिषद ने शहर में किए हैं और अब विकास कार्यों को एक नई गति दी जाएगी।

विपक्ष पर साधा निशाना

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायत चुनाव में चुनकर आए प्रतिनिधियों को लेकर गलत बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि 2 दिन के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी की किसके कितने पंचायत प्रधान और प्रतिनिधि चुनकर सामने आए हैं।

नई अध्यक्ष की ये होगी प्राथमिकता

वहीं नगर परिषद की नई अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने शहर के मतदाताओं का और नवनिर्वाचित पार्षदों का अध्यक्ष पद पर सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए वह अग्रसर रहेंगी। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर करना अपनी प्राथमिकता बताया।

Vijay