देश के प्रथम वोटर श्याम शरण नेगी ने किया राममंदिर निर्माण निधि अभियान का आगाज

Wednesday, Feb 03, 2021 - 10:45 AM (IST)

किन्नौर: जिले के कल्पा में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ देश के प्रथम मतदाता 103 वर्षीय श्याम शरण नेगी ने पूर्ण उत्साह तथा प्रसन्नता के साथ किया।

नेगी ने राममंदिर निर्माण निधि समर्पण पर कहा कि वे अपने आप को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। क्योंकि राम काज में सहयोग करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, उन्होंने समस्त देशवासियों से आग्रह भी किया कि राममंदिर निर्माण हेतु इच्छा अनुसार निधि समर्पण कर योगदान दें, क्योंकि भगवान राम देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्वभर के आदर्श है।

दरअसल, अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद ने शोभा यात्रा कार्यक्रम के जरिए निधि समर्पण अभियान चलाया गया है। इसी कड़ी में हिमाचल में शोभा यात्रा का आयोजन किया। निधि सर्मपण अभियान 27 फरवरी तक पूरे प्रदेश में चलेगा।

बता दें कि एक जुलाई 1917 को जिला किन्नौर के कल्पा में जन्मे मास्टर श्याम शरण नेगी ने जब पहली बार अपने मत का प्रयोग किया था, उस समय वह बतौर अध्यापक सेवाएं दे रहे थे। उनकी ड्यूटी भी चुनाव में लगी थी। भारत के आजाद होने के बाद पहला आम चुनाव फरवरी-मार्च 1952 में होने जा रहा था, लेकिन किन्नौर में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए छह महीने पहले ही मतदान करवाया गया था। मतदान के दिन मास्टर श्याम शरण नेगी ने कल्पा बूथ पर 1951 में वोट डाला और फिर ऐसे में वे देश के पहले वोटर कहलाए गए।

Prashar