'चोर दरवाजे से नौकरियां बांट रही ‌है वीरभद्र सरकार'

Thursday, Jan 12, 2017 - 10:24 AM (IST)

बी.बी.एन.: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बेरोजगारी भत्ते के नाम पर सत्ता का सुख भोग रहे मुख्यमंत्री का बेरोजगारी भत्ते से मुकरना शर्मनाक है। कर्मचारियों को 4-9-14 के लाभ न देकर उनके साथ धोखा किया है। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में आज देश में कहीं पर भी साक्षात्कार नहीं हो रहे हैं परन्तु लगभग एक वर्ष के पश्चात भी कांग्रेस इस प्रणाली को लागू न करके चोर दरवाजे से नौकरियां बांट रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों पूर्व देश में व्याप्त निराशा के वातावरण से उभरते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एन.डी.ए. सरकार ने दिन-रात मेहनत करके देश की जनता के विश्वास को बहाल करने में सफलता प्राप्त की है।

प्रदेश सरकार पर कसा तंज 
श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जहां कैश व कमीशन का कारोबार है, वहीं कांग्रेस की सरकार काबिज है अब भारत कैशलैस हो रहा है तो कांग्रेस मुक्त भारत का निर्माण जल्द ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों और मुख्यमंत्री के बीच चल रहे मनमुटाव दूर करने में ही बचा समय भी निकल जाएग तो विकास की बातें तो दूर हैं।

कांग्रेस विश्वासघातियों की सरकार 
 कांग्रेस को विश्वासघातियों की सरकार बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज ऐसा कोई वर्ग नहीं है जिसके साथ इस सरकार ने विश्वासघात न किया हो।भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को घोषणा मंत्री करार दिया है। 4 वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा की गई 1300 घोषणाओं में से केवल 300 पर ही अमल हुआ है। 

बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत 
बैठक में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति पर प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने एक राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जिसका भाजपा प्रवक्ता रितु सेठी ने अनुमोदन किया। भाजपा का कहना है कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार का यह 4 वर्ष का कार्यकाल अत्यंत निराशाजनक रहा है। इस दौरान न तो इस सरकार ने प्रदेश का विकास किया और न ही जनता की समस्याओं का समाधान।