किसान व बुजुर्गों का सम्मान जरूरी : श्री विजय चोपड़ा

Sunday, Jun 09, 2019 - 11:27 PM (IST)

पालमपुर (मुनीष/भृगु/गौरव): पंजाब केसरी के प्रधान संपादक श्री विजय कुमार चोपड़ा जी ने कहा कि किसान व बुजुर्गों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज अच्छा लगा कि हिमाचल के पालमपुर की हिम जनकल्याण संस्था ऐसा कार्य कर रही है। समाज में जरूरतमंदों की मदद में सामाजिक संस्थाओं का योगदान अहम होता है, ऐसे में ऐसी संस्थाओं को अपने कर्त्तव्य को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। श्री विजय कुमार चोपड़ा जी रविवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र के फरेढ़ में हिम जनकल्याण संस्था के वार्षिक स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित नागरिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

ईमानदार व मिलनसार होते हैं हिमाचल के लोग

उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को ऐसे कार्य करने चाहिए जो धरातल पर जरूरतमंदों के लिए कारगर साबित हों। उन्होंने कहा कि आज खुशी हुई कि इस संस्था ने उत्कृष्ट किसान, मेधावी बच्चे, सामाजिक सरोकार में बेहतरीन कार्य कर रहे लोग तथा बुजुर्गों का सम्मान किया। उन्होंने हिमाचल के लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग काफी ईमानदार व मिलनसार होते हैं। यही कारण है कि अन्य राज्यों में भी उन्हें रोजगार देने में कंपनियां आगे रहती हैं।

पात्र व्यक्ति को समय पर मिले पैंशन

उन्होंने कहा कि हिमाचल व हरियाणा में जरूरतमंद व बुजुर्गों को पैंशन देने में अच्छा कार्य हो रहा है। कुछ अन्य प्रदेशों में भी यह सुनिश्चित होना चाहिए कि सरकार द्वारा दी जाने वाली पैंशन पात्र व्यक्ति को समय पर मिले और उन्हें पैंशन लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, नवनिर्वाचित सांसद किशन कपूर तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने भी शिरकत की। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने संस्था के सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी।

सरकार की कई योजनाएं सीधे आम व जरूरतमंद लोगों के साथ जुड़ीं

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों की सहायता के लिए सामाजिक संस्थाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज में सबसे पीछे खड़े लोगों तथा जरूरतमंद लोगों की मदद करती है। मौजूदा प्रदेश सरकार ने ऐसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जो सीधे आम व जरूरतमंद लोगों के साथ जुड़ी हुई हैं।  वहीं हिम जनकल्याण संस्था के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि संस्था अब युवाओं को नशे के कहर से बचाने के लिए भी काम कर रही है। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्यातिथि श्री विजय कुमार चोपड़ा जी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में हमेशा उन्हें श्री विजय कुमार चोपड़ा जी से प्रेरणा मिली है और उनके मार्गदर्शन में ही संस्था आगे बढ़ रही है।

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद

उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, नवनिर्वाचित सांसद किशन कपूर सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, भाजपा मंडल पालमपुर के अध्यक्ष संजीव सोनी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनोज सूद, सी.एम.ओ. डा. गुरदर्शन गुप्ता, समाजसेवी हितेश शर्मा, हिम जनकल्याण संस्था से बी.के. सूद, मेजर वैभव, नरेंद्र भट्ट, संजय, विवेक, अजय कबीर, नरेंद्र राणा, साहिल, राजेंद्र, प्रकाश चंद, प्रदीप धीमान व आशीष शर्मा सहित कई सदस्य व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में इनको मिला सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले 30 लोगों को सम्मानित किया। इसमें सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए मैडम अलका शर्मा, डा. आदर्श भागर्व, सी.डी. सिंह गुलेरिया, राम सूद तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल परौर के स्वर्ण सिंह गुलेरिया सहित स्टाफ को पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्कृष्ट किसान पुरस्कार से कांगड़ा से बलवीर सैनी, बल्ला से रंजीत, सुलह से सुरेश चौधरी, प्रकाश चंद व लवलीत राणा को नवाजा गया। इसके अलावा मेधावी बच्चों में खुशी पुत्री संतोष कुमार भवारना, दिव्या पुत्री राजकुमार भवारना, अंकिता कौंडल पुत्री अशोक कुमार सुलह, शिखा कौंडल तथा राहुल कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी सुलह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा बुजुर्गों में बांको राम, प्रकाश चंद, प्रेम चंद गुलेरिया, प्राक्रम चंद तथा राजमल को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पांच अन्य जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए जबकि दो गरीब परिवारों के 4 बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा संस्था ने उठाने का ऐलान किया।

Vijay