घर की सफाई करते समय चली गोली, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची युवती

Saturday, Jan 27, 2018 - 09:32 PM (IST)

चम्बा: पुलिस थाना तीसा के दायरे में आने वाले गांव सपरोठ में एक युवती गोली लगने से घायल हो गई। उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मैडीकल कालेज चम्बा रैफर कर दिया। शुक्रवार को उक्त युवती को चम्बा से मैडीकल कालेज टांडा रैफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

दीवार पर टंगी बंदूक के गिरते ही चल गई गोली
जानकारी अनुसार सपरोठ गांव की शिल्पा पुत्री तेज सिंह 25 जनवरी को जब अपने घर की सफाई कर रही थी तो घर की दीवार पर टंगी बंदूक गिर गई और बंदूक से गोली चल गई तथा गोली के छर्रे लड़की की बाईं टांग पर जा लगे, जिसके चलते लड़की घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर घर के सभी लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जख्मी हुई युवती को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। ए.एस.पी. चम्बा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।