पुलिस लाइन में जवान की बंदूक से चली गोली, 2 घायल

Friday, Sep 22, 2017 - 10:37 PM (IST)

सोलन: पुलिस लाइन में गारद में तैनात एक पुलिस कर्मचारी की बंदूक से गोली चलने के कारण 2 पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। दोनों पुलिस कर्मचारियों की टांगों में गोली के छर्रे लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एस.पी. मोहित चावला सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। घटना को लेकर एस.पी. ने विभागीय जांच शुरू करवा दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन सोलन में सुबह के समय जब गारद ड्यूटी बदली जा रही थी तो बंदूक पुलिस कर्मचारी दूसरे पुलिस कर्मचारी को दे रहा था। इस दौरान अचानक गोली चल गई। गोली सामने की दीवार पर लगी और उसके छर्रे साथ ही मौजूद 2 पुलिस कर्मचारियों को लग गए। एस.पी. मोहित चावला ने बताया कि एक सिपाही की टांग व दूसरे की एड़ी में छर्रे लगे हैं। शुरूआती जांच में पता चला है कि बंदूक में खराबी के चलते गोली चली है। मामले को लेकर विभागीय जांच चल रही है।