पालकी में सवार होकर निकलीं आराध्य देवी मां शूलिनी, दर्शनों को उमड़ा जनसैलाब

Friday, Jun 21, 2019 - 10:32 PM (IST)

सोलन (अमित): शुक्रवार को सोलन की आराध्य देवी मां शूलिनी अपने घर से बाहर निकलीं। इस दौरान उनके दर्शनों के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता शूलिनी के घर से निकलने के साथ ही राज्य स्तरीय 3 दिवसीय शूलिनी मेला भी शुरू हो गया है। मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पुरानी कचहरी में माता शूलिनी के दर्शन किए। मां शूलिनी के मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। दोपहर होते ही श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होती गई।

इसके बाद माता के कल्याणों ने माता की पालकी को मंदिर परिसर से जैसे ही बाहर निकाला, लोगों का हुजूम माता के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों व अन्य वाद्ययंत्रों के साथ माता की पालकी मंदिर परिसर से बाहर निकली तो सभी की निगाहें पालकी पर थीं। शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न संगठनों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। माता अपने शूलिनी नगर स्थित मंदिर से पालकी में सवार होकर शहर की यात्रा करते हुए गंज बाजार स्थित अपनी बहन से मिलने गईं।

Vijay