किसानों को झटका, ग्राहकों के लिए खुशखबरी, मटर के दामों 50 फीसदी तक हुई गिरावट

Wednesday, Oct 30, 2019 - 04:40 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर) : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मटर की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। लेकिन स्थानीय मंडियों में मटर के दामों में भारी गिरावट आई है। स्थानीय मंडियों में अब हरा मटर 65 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है, जबकि दो सप्ताह पहले मटर की कीमत 120 रुपए प्रति किलो थी। हालांकि अब मटर का सीजन आधे से भी कम रह गया है। लेकिन मंडियों में गिरे दामों से किसानों को झटका लगा है। भुंतर की सब्जी मंडी में मंगलवार को मटर 65 रुपये के हिसाब से बिका है।

किसान केसर सिंह, देव राज, दिले राम, प्रेम सिंह, नोक सिंह, दिवान सिंह, राम सिंह, मंगत राम, स्वरूप चंद तथा गोविंद सिंह ने कहा कि मटर के रेट में भारी गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि दो हफ्ते पहले तक शिमला की ढली, कुल्लू की भुंतर तथा टकोली सब्जी मंडियों में मटर 120 से 125 रूपए तक बिका था। इसके बाद लगातार मटर के रेट गिरते गए और अब आधा पहुंच गया है। जिले के बंजार, सैंज और बाह्य सराज की रघुपुर घाटी में मटर की खेती की जा रही है। जिले में मटर का क्षेत्रफल करीब 1500 हेक्टेयर है।

Edited By

Simpy Khanna