ओलिम्पिक में छठी बार तिरंगा फहराने शिवा केशवन साऊथ कोरिया रवाना

Saturday, Feb 03, 2018 - 09:11 PM (IST)

मनाली: 9 फरवरी से साऊथ कोरिया में आयोजित होने जा रहे शीतकालीन ओलिम्पिक में मनाली के शिवा केशवन छठी बार तिरंगा फहराने साऊथ कोरिया रवाना हो गए हैं। शिवा केशवन ल्यूज प्रतियोगिता में भारत का नेतृत्व करेंगे। शिवा केशवन आज दिल्ली से साऊथ कोरिया रवाना हुए। 3 बार एशियार्ड विजेता रहे शिवा केशवन पहली बार केंद्र सरकार की मदद मिलने से खासे उत्साहित हैं और दोगुने मनोबल के साथ शीतकालीन ओलिम्पिक में भाग ले रहे हैं। 

स्कीइंग में मनाली के हाथ लगी निराशा
इस बार स्कीइंग में मनाली को निराशा हाथ लगी है। मनाली व प्रदेश से कोई भी स्कीयर ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया है। मनाली की आंचल ठाकुर, एलविन ठाकुर और हिमांशु ठाकुर क्वालीफाई होने में सफल नहीं हुए हैं। मात्र आर्मी टीम के खिलाड़ी जगदीश ही स्कीइंग में शीतकालीन ओलिम्पिक के लिए चयनित हो पाए हैं। शिवा केशवन और जगदीश मात्र 2 खिलाड़ी ही ओलिम्पिक का हिस्सा बनेंगे। जाने से पहले शिवा केशवन ने दिल्ली से फोन पर बताया कि वह 2005 से लगातार ल्यूज खेल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। वह इस बार देवताओं के आशीर्वाद के साथ-साथ केंद्र सरकार के सहयोग संग कोरिया रवाना हुए हैं। 

भारत को स्वर्ण दिलाना रहेगी प्राथमिकता
एशिया में अपनी रफ्तार का रिकार्ड बनाने वाले शिवा केशवन ने कहा कि इस बार भारत को स्वर्ण दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। विंटर गेम्स फैडरेशन ऑफ  इंडिया के महासचिव रोशन ठाकुर ने बताया कि शीतकालीन ओलिम्पिक के स्कीइंग प्रतियोगिता में आर्मी से जगदीश चयनित हुए हैं। उन्होंने बताया कि जगदीश टीम सहित शीघ्र ही दिल्ली से साऊथ कोरिया रवाना हो रहे हैं। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश व देश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को सरकार परशुराम अवार्ड से सम्मानित करेगी।