वीरभद्र के नेतृत्व में चुनाव लड़ने पर शिंदे ने दिया बड़ा बयान, पढ़िए क्या कहा

Friday, Sep 08, 2017 - 08:33 PM (IST)

चुवाड़ी: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 6 बार इस प्रदेश के मुख्यमंत्री बन चुके हैं और इस बार का विधानसभा का चुनाव उनकी अगुवाई में ही लड़ा जाएगा तथा मिशन रिपीट के तहत प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनेगी। उन्होंने यह बात जिला चम्बा के अपने पहले दौरे के दौरान जिला की भटियात विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने इस प्रदेश के विकास का जो अद्वितीय मॉडल पेश किया है, वह पूरे देश में अपने आप में मिसाल है।

मोदी का हर खाते में 15 लाख डालने का वायदा अब तक अधूरा
उन्होंने यह भी कहा कि करीब साढ़े 3 वर्ष पूर्व जब भाजपा की सरकार केंद्र में आई थी तो प्रधानमंत्री मोदी ने देश के प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए जमा करवाने का वायदा किया था लेकिन इसके विपरीत नोटबंदी को लागू कर मोदी ने देश के करोड़ों गरीबों की रोजी-रोटी तक छीन ली। मोदी के कार्यकाल में कश्मीर मसला बुरी तरह से उलझ चुका है तथा रोजाना कई लोग जहां मौत के घाट उतारे जा रहे हैं तो वहीं हर दिन देश के सैनिक शहीद हो रहे हैं। भाजपा के मौजूदा कार्यकाल में पूरा देश असुरक्षित हो चुका है। देश की एकता व अखंडता पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है। धर्म व जाति के नाम पर लोगों को बांटने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। 

भाजपा के झूठे आश्वासनों व झांसों में न आएं कार्यकर्ता
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा के झूठे आश्वासनों व झांसों में न आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के मिशन रिपीट को सफल बनाने के लिए पार्टी का प्रत्येक नेता व कार्यकत्त्र्ता एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, सहप्रभारी रंजीता रंजन व प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष एवं भटियात के नेता कुलदीप सिंह पठानिया ने भी जनसभा को संबोधित किया।