शिंदे के इस ऐलान से वीरभद्र खेमे में खलबली, स्वागत से रहे दूर-दूर

Friday, Sep 08, 2017 - 02:50 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): कांग्रेस में सियासी घमासान के बीच हिमाचल प्रभारी सुशील कुमार शिंदे तीन दिन के हिमाचल दौरे के लिए वापस लौट आए हैं। गणेशोत्सव की छुट्टियां मनाकर धर्मशाला पहुंचे शिंदे का जोरदार स्वागत किया गया। शिंदे के स्वागत के लिए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और परिवहन मंत्री जीएस बाली मौजदू रहे लेकिन वीरभद्र खेमा दूर रहा। वीरभद्र सिंह तलवाड़ा किसी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए गए हुए थे, जिसके बाद वो सीधे शाहपुर जाएंगे। वीरभद्र खेमे के माने जाने वाले शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा भी शिंदे के स्वागत के लिए नहीं आए। कुल मिलाकर वीरभद्र खेमे ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाकर रखी। 


कोई फेरबदल नहीं होगा
कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे ने ऐलान किया है कि संगठन में कोई फेरबदल नहीं होगा। यानी सुक्खू कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे। ऐसे में अब सवाल उठ रहे हैं कि सीएम वीरभद्र सिंह का अगला कदम क्या होगा क्योंकि उन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि अगर सुक्खू को कुर्सी से नहीं हटाया गया तो वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब सबकी नजरें सीएम के अगले कदम पर टिकी हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सब साथ हैं और पार्टी के अंदर कोई मतभेद नहीं हैं।