निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर चुराने वाले बिहार के 3 लोग गिरफ्तार, CCTV से खुला राज
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 11:58 AM (IST)
Shimla News : राजधानी शिमला में सदर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला एक निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर और अन्य सामान चोरी होने का है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए न सिर्फ आरोपियों को धर दबोचा, बल्कि उनके पास से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को सदर पुलिस थाना शिमला में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 सितंबर को एक निर्माणाधीन होटल के स्टोर रूम से भारी मात्रा में कॉपर वायर और अन्य वायरिंग की तारें गायब पाई गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति अपनी पीठ पर बोरे ले जाते हुए दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने अपना खुफिया तंत्र सक्रिय किया। स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम फागली के डाऊनडेल इलाके में पहुंची, जहां से तीनों संदिग्धों को तलाश कर पूछताछ के लिए सदर थाने लाया गया।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में तीनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय साहनी उर्फ ललटू (25) पुत्र राम उदगार साहनी, निवासी जिला दरभंगा बिहार, संजय (28) पुत्र अकलू साहनी निवासी जिला मुजफ्फरपुर बिहार व सैंटी (26) पुत्र उपेन्द्र साहनी निवासी जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है, जो वर्तमान निवास डाऊनडेल फागली शिमला में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को नियमानुसार शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब शिमला पुलिस इन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी।

