हिमाचल में बदला मौसम, 13 मई तक हल्की बारिश के आसार

punjabkesari.in Monday, May 09, 2022 - 09:17 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम फिर बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही तो है तो कहीं कड़ाके की धूप पड़ रही है। राजधानी शिमला में सोमवार को दोपहर बाद जमकर बारिश हुई हालांकि यह बारिश कु छ देर हुई, लेकिन बारिश के बाद शिमला के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं ओलावृष्टि से बागवानी फसलों को थोड़ा बहुत नुक्सान होने की सूचना है। शिमला में सुबह से दोपहर तक बादल छाये रहे। दोपहर डेढ़ बजे के बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कांगड़ा जिले के बैजनाथ में तेज बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई है। वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप जारी है। गर्मी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को प्रदेश के ऊना जिले में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। ऊना जिले में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं कांगड़ा जिले में अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा सुंदरनगर व बिलासपुर 34, शिमला 24.4, भुंतर 33, कल्पा 22, धर्मशाला 33.8, नाहन 33.7, केलंग 21.8, पालमपुर 26.8, सोलन 32.5, मनाली 24.4, मंडी 33.6, हमीरपुर 32.8, चम्बा 31.6 व डल्हौजी में 22.6 डिग्री दर्ज किया गया है।

किसानों को मिली हल्की राहत
प्रदेश में हो रही हल्की बारिश से किसानों-बागवानों को हल्की राहत जरूर मिली हैं, लेकिन जमीन में अभी भी नमी की भारी कमी है। इसके कारण किसानों-बागवानों की फसलों पर अभी भी खतरा मंडरा रहा है। आने वाले दिनों में अगर बारिश बर्फ बारी होती है, तो फिर किसानों-बागवानों को राहत मिल सकती है, लेकिन यदि ओलावृष्टि होती है तो किसानों-बागवानों की मुश्किल बढ़ सकती है।

13 मई तक मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के निदेशक डा. सुरेंद्र पॉल ने बताया कि प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहेगा। मध्यम एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हंै। हालांकि इस दौरान प्रदेश में कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के कोई आसार नहीं हैं, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News