शिमला को मिली राष्ट्रीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग की मेजबानी

Sunday, Sep 02, 2018 - 11:39 AM (IST)

शिमला (अभिषेक): राष्ट्रीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता की मेजबानी शिमला को मिली है। यह प्रतियोगिता आगामी अक्तूबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगी। प्रतियोगिता बॉक्सिंग संघ द्वारा आयोजित की जाएगी। इस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के बॉक्सर भाग लेंगे। अभी फिलहाल इस प्रतियोगिता की तिथि तय नहीं हुई है लेकिन आगामी कुछ दिनों में प्रतियोगिता की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी। इसके अलावा ऑल इंडिया गर्ल्ज अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता नादौन में आयोजित होगी। 

प्रतियोगिता अक्तूबर माह के तीसरे सप्ताह में होगी। वर्ष 2018-19 के खेल कैलेंडर के तहत दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी राज्य व जिला स्तर पर विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। राज्य स्तरीय दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल स्पर्धाएं 2 व 3 दिसम्बर को धर्मशाला में आयोजित होंगी। इससे पूर्व जिला स्तर पर दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए खेल स्पधार्एं करवाई जाएंगी। जिला स्तर पर ये स्पर्धाएं किन्नौर व लाहौल-स्पीति में नहीं होगी जबकि शेष अन्य सभी जिलों में यह स्पर्धाएं होंगी। जिला स्तरीय दिव्यांग खिलाड़ियों की विभिन्न स्पर्धाएं नवम्बर के दूसरे सप्ताह में करवाई जाएंगी। इसके अलावा डा. वाई.एस. परमार मैमोरियल वालीबाल प्रतियोगिता पालमपुर में 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित होगी।

इसके अलावा राज्य स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताएं मंडी में आयोजित होंगी। इसके तहत एथलैटिक्स, कबड्डी, वालीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, जूडो व हॉकी स्पर्धाएं होंगी। यह प्रतियोगिताएं 12 से 14 अक्तूबर तक आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा लड़के व लड़कियों की सब जूनियर बास्केटबाल प्रतियोगिता सुंदरनगर में अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में होगी। राज्य स्तरीय जूनियर व सीनियर जूडो प्रतियोगिता 14 व 15 अक्तूबर को शिमला में  होगी। राज्य स्तरीय मेजर ध्यान चंद मैमोरियल हॉकी प्रतियोगिता (लड़कों की अंडर-19 आयु वर्ग) ऊना में 30 व 31 अक्तूबर को होगी। विभिन्न आयु वर्ग में राज्य स्तरीय टेबल टैनिस प्रतियोगिता सोलन में अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में होगी। 

राज्य स्तरीय युवा उत्सव कुल्लू में होगा आयोजित
राज्य स्तरीय युवा उत्सव आगामी 8 से 10 दिसम्बर तक कुल्लू में आयोजित होगा। इसमें सभी जिलों से प्रतिभागी सांस्कृतिक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता शिमला में 9 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। इस क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में 20 वर्ष के कम आयु वर्ग के लड़के व लड़कियां हिस्सा ले सकेंगे। इसी तरह मास्टर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता शिमला स्थित इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में आयोजित होगी। इसमें 35 से 80 वर्ष के आयु वर्ग के महिला व पुरुष भाग ले सकेंगे। राज्य स्तरीय युवा दिवस अगले वर्ष 19 जनवरी को बिलासपुर में आयोजित होगा। इससे पूर्व जिला स्तरीय युवा दिवस 12 जनवरी को विभिन्न जिलों में आयोजित होगा। राज्य स्तरीय मध्यम व लंबी दूरी की दौड़ स्पर्धाएं 26 दिसम्बर को सिरमौर में होगी।

Ekta