12 वर्षीय छात्रा से दुकानदार ने किया दुराचार

Monday, May 07, 2018 - 11:09 PM (IST)

शिमला : राजधानी में छात्रा से दुराचार का मामला सामने आया है। 12 वर्षीय छात्रा छठी कक्षा में पढ़ाई करती है। वहीं जिस व्यक्ति पर दुराचार का आरोप लगाया गया है वह मशोबरा में चाय की दुकान चलाता है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि 4 मई, 2018 को जब मशोबरा में वह अपने घर पर अकेली थी तो 55 वर्षीय निक्कू नामक व्यक्ति ने रात के समय घर में प्रवेश किया। हालांकि इस दौरान दरवाजे पर कुंडी नहीं लगी थी। व्यक्ति ने बिना पूछे ही सीधे घर में प्रवेश किया और उससे छेडख़ानी शुरू कर दी। छात्रा ने व्यक्ति को बार-बार रोका लेकिन वह पीछे नहीं हटा। बताया जा रहा है कि जिस रात को यह घटना हुई उस रात नाबालिगा के माता-पिता घर पर नहीं थे। वे किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। हालांकि दूसरे दिन जब माता-पिता वापस घर लौटे तो छात्रा ने इस बात की सूचना उन्हें दी। ऐसे में परिजनों ने भी छात्रा को साथ लेकर ढली थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धारा 376, 452, 354 व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।

पुलिस ने करवाया मैडीकल
पुलिस ने नाबालिगा सहित आरोपी का मैडीकल भी करवा दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द असली कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मैडीकल रिपोर्ट आनी बाकी है। हालांकि छात्रा ने पुलिस में दी शिकायत में दुराचार करने का आरोप लगाया है। बाकी खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

थाना ढली के तहत नाबालिग लड़की ने एक व्यक्ति पर दुराचार करने का आरोप लगाया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले को लेकर कार्रवाई जारी है। जल्द ही आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
 ओमापति जम्वाल, एस.पी., शिमला।       

                               

Kuldeep