शिमला ग्रामीण से सियासी पारी की शुरुआत कर सकते हैं विक्रमादित्य

Tuesday, May 23, 2017 - 11:27 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से अपनी सियासी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष क्षेत्र पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। कुछ माह पहले मुख्यमंत्री ने इसके लिए शिमला ग्रामीण के कर्मचारियों के साथ ओक ओवर में बैठक भी की थी, जिसमें उन्होंने सहयोग की अपील की थी। उन्होंने बैठक में विक्रमादित्य को चुनाव मैदान में उतारने के संकेत दिए थे लेकिन सार्वजनिक तौर पर उन्होंने स्थिति को स्पष्ट नहीं किया है फिर भी वह यहां से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।


अभी से अटकलों का दौर शुरू
इसके लिए वह क्षेत्र के लोगों के अलावा कर्मचारियों को भी विश्वास में ले रहे हैं। वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री ने इस सीट से चुनाव लड़ा था तथा भाजपा प्रत्याशी को 20,000 वोटों के अंतर से पराजित किया था। ऐसे में यदि विक्रमादित्य के लिए वह अपनी सीट खाली करते हैं तो उनको किसी दूसरी सीट से चुनाव लड़ने का विकल्प तलाशना होगा। इसके लिए अभी से अटकलों का दौर शुरू हो गया है, जिसमें अर्की विधानसभा क्षेत्र का नाम भी लिया जा रहा है।


कांग्रेस नेताओं से भी हो रही मंत्रणा
विक्रमादित्य को चुनाव मैदान में उतारने से पहले कांग्रेस नेताओं से भी मंत्रणा का दौर चल रहा है। इसके लिए क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं को विश्वास में लिया जा रहा है। उसी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही संगठन में जो नेता सक्रिय नहीं हैं, उनकी पहचान की जा रही है। कई स्थानों पर यह देखा गया है कि कई कार्यक्रमों में कुछ कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री व मंच के आसपास तो नजर आते हैं लेकिन वे जनता की मांगों को उठाने की बजाय अपनी राजनीति चमकाने पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।