इनका सब कुछ जल गया, अब बर्फीली रातें ले रही इम्तिहान

Monday, Jan 16, 2017 - 12:01 PM (IST)

रोहड़ू (बिशेषर नेगी): तिनका-तिनका जोड़कर जो घर बनाया, उसे अपनी आंखों से सामने राख होते देखना आसान नहीं है। यह आंसू वही दर्द बयां कर रहे हैं। आग ऐसी भड़की की सबकुछ जलाकर ही शांत हुई। बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच बसे बनवाड़ी गांव के 56 घर पल भर में राख हो गए और 216 लोगों के सामने जिंदगी पहाड़ बन कर खड़ी है। आशियाना राख हो चुका है। अब सर्द रातें इम्तिहान ले रही हैं।


प्रभावित परिवारों को जारी की 40-40 हजार रुपए की फौरी मदद
प्रशासन भी मदद दे रहा है। कुछ लोगों के रहने का इंतजाम स्थानीय स्कूल की इमारत में किया गया है। जो घर अग्निकांड में बच गए हैं वह भी इंसानियत के नाते अपनों की मदद कर रहे हैं। जब जख्म भरेंगे तो प्रशासन फिर घरोंदा बनाने में मदद करेगा। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को 40-40 हजार रुपए की फौरी मदद जारी कर दी है। इसके अलावा गैस के सिलेंडर और स्टोव के अलावा राशन, कंबल और बर्तनों समेत जरूरी चीजें मुहैया कराई जा रही हैं। रोहड़ू के बनवाडी़ गांव में लगी इस आग में 10 भेड़ बकरियां और 4 गाय जलकर मर गई हैं।