सफेद मोतिया के इलाज के लिए अब नहीं लगेगी शिमला की दौड़

Thursday, Nov 07, 2019 - 12:35 PM (IST)

सोलन (रवीन्द्र): आंखों के रोग से परेशान जिला के मरीजों को अब चंडीगढ़ या शिमला के निजी अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। राहत की बात यह है कि सफेद मोतिया से परेशान मरीजों के उपचार व ऑपरेशन की सुविधा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में शुरू हो गई है। यहां पिछले कुछ समय से 2 नेत्र रोग चिकित्सक आने के बाद मोतियाबिंद व अन्य नेत्र रोगों के ऑप्रेशन किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले क्षेत्रीय अस्पताल में स्टाफ की कमी के कारण नेत्र रोगियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।  

आंखों के ऑप्रेशन के लिए उन्हें परवाणु, शिमला व चंडीगढ़ जाना पड़ रहा था, जहां ऑप्रेशन के लिए लंबी डेट मिलती है। इसके कारण लोगों को कई बार चक्कर लगाने पड़ते थे और यह लोगों की जेब पर भी भारी पड़ रहा था। इसमें लोगों को हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे थे। अब सफेद मोतिया के व अन्य ऑप्रेशन यहीं पर करवाए जा सकते हैं और यहां भी बेहतर सुविधा मिल रही है। यह सुविधा बीते कुछ समय से शुरू हो गई है और करीब 50 से अधिक मरीज इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। आंखों के ऑप्रेशन करने के लिए अभी बुधवार का दिन रखा गया है लेकिन मरीजों की संख्या बढऩे पर अन्य दिनों में भी ऑप्रेशन किए जाएंगे। 

आयुष्मान भारत से मिल रही कैशलैस सुविधा

अन्य अस्पतालों में जाकर ऑप्रेशन करवाने के लिए आंखों के मरीजों को हजारों रुपए खर्च करने पड़ते हैं और निजी अस्पतालों में तो इसके लिए भारी रकम खर्च करनी पड़ती है। सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही आयुष्मान भारत योजना के कार्ड धारक बिना किसी खर्च के इसका लाभ उठा रहे हैं। यहां अधिकतर मरीज नि:शुल्क इलाज करवा रहे हैं।

Ekta