विवादित टिप्पणी मामला : पुलिस ने BCS चौक पर गाड़ी से उतारे नीरज भारती, बंद कमरे में पूछताछ शुरू

Friday, Sep 07, 2018 - 05:35 PM (IST)

शिमला: भाजपा महिला मोर्चा सोशल मीडिया की प्रभारी प्रतिभा बाली के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर शिमला पुलिस शुक्रवार को पूर्व कांग्रेस विधायक नीरज भारती को महिला थाने ले गई। जहां पूर्व कांग्रेस विधायक से बंद कमरे में पूछताछ जारी है। बता दें कि नीरज भारती के खिलाफ ढली थाने में मामला दर्ज हुआ है और जब वह ढली थाने की तरफ जा रहे थे तो उन्हें बी.सी.एस. चौक पर रोक दिया गया। इस पर नीरज भारती ने कड़ा ऐतराज जताया है। बी.सी.एस. चौक पर फेसबुक लाइव होते हुए उन्होंने कहा कि वह कानून के अनुसार पूछताछ के लिए ढली थाना में जा रहे थे लेकिन उन्हें बी.सी.एस. चौक पर रोक लिया गया। उन्होंने बी.सी.एस. चौक पर तैनात महिला ए.एस.आई. के बर्ताव पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि महिला ए.एस.आई. ने उनसे इस तरीके से बात की जैसे किसी अपराधी से की जाती हो, साथ ही उन्होंने गाड़ी की चाबी छीनने का भी प्रयास किया।

फेसबुक पर की हैं विवादित टिप्पणियां
उल्लेखनीय है कि नीरज भारती ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी समेत तमाम भाजपा नेताओं के खिलाफ फेसबुक पर विवादित टिप्पणियां की थीं। इसी के तहत भाजपा महिला मोर्चा सोशल मीडिया की प्रभारी की तरफ से उनके खिलाफ ढली थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसके चलते शिमला पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुट गई है।

 

 


 

Vijay