आई.जी.एम.सी. कोरोना फ्री, अब एक भी मरीज भर्ती नहीं

punjabkesari.in Monday, Mar 28, 2022 - 06:44 PM (IST)

शिमला (जस्टा): आई.जी.एम.सी. अस्पताल अब कोरोना फ्री हो गया है। यहां अब एक भी मरीज कोरोना का भर्ती नहीं है। मार्च 2020 के बाद से आई.जी.एम.सी. में लगातार कोरोना के मरीज भर्ती होते रहे हैं, लेकिन पहली बार यहां ऐसा समय देखने को मिला कि कोरोना के मरीज 2 दिन से भर्ती नहीं हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अब शीघ्र ही पूरा हिमाचल कोरोना फ्री हो सकता है। इन दिनों ऐसा नहीं कि कोरोना के टैस्ट नहीं हो रहे हैं। कोरोना के टैस्ट हो रहे हैं, लेकिन अब कोरोना के मामले काफी ज्यादा कम हो गए हैं। आई.जी.एम.सी. में मेक शिफ्ट में कोरोना के मरीज भर्ती हो रहे हैं। स्पैशल मेक शिफ्ट को कोरोना मरीजों के लिए बनाया गया है। सबसे बड़ी राहत की बात तो यह है कि जैसे ही अब कोरोना के मरीज कम हुए तो बाकी बीमारी के मरीजों का अब रूटीन में उपचार शुरू हो गया है।

यहां पर कोरोना काल में मरीजों के ऑप्रेशन तक नहीं हो पा रहे थे, जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वहीं आधे से ज्यादा स्टाफ भी कोरोना के मरीजों के लिए लगाया गया था। अब जो स्टाफ कोरोना मरीजों को देख रहा था वह स्टाफ बाकी बीमारी के मरीजों के लिए लगाया गया है। इन दिनों आई.जी.एम.सी. में 3000 से 3500 के बीच ओ.पी.डी. है। सभी मरीजों का रूटीन में बेहतरीन उपचार हो रहा है। हालांकि डाक्टरों ने लोगों को ये निर्देश दिए हैं कि भले ही आई.जी.एम.सी. कोरोना फ्री हो गया है, लेकिन लोगों को अभी भी नियमों की पालना करनी जरूरी है। लोग पहले की तरह मास्क लगाएं व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। लोग भीड़भाड़ से भी बचे रहें। लोगों द्वारा अगर लापरवाही बरती तो कोरोना फिर से गंभीर रूप धारण कर सकता है। हिमाचल सहित जिला शिमला में जहां कोरोना के मामले कम हुए हैं वहीं मौतें भी अब कम देखने को मिल रही हैं। प्रदेश की अगर बात की जाए तो अभी तक 4114 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं जिला शिमला में 716 मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा प्रदेश में 2,84,478 और जिला शिमला में 35,683 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News