सरकार ने की 500 करोड़ कर्ज लेने की अधिसूचना जारी

Monday, Feb 12, 2018 - 11:35 PM (IST)

शिमला : राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपए कर्ज लेने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। यह कर्ज 10 साल के लिए लिया जा रहा है। 500 करोड़ की राशि सरकार को आगामी 14 फरवरी को प्राप्त हो जाएगी। ऐसे में सरकार को ब्याज सहित यह राशि 14 फरवरी, 2028 तक लौटानी होगी। राज्य की जयराम सरकार को डेढ़ माह के भीतर दूसरी बार कर्ज लेने की नौबत आ गई है। इससे पहले जनवरी माह में सरकार ने 500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। पहाड़ी राज्य हिमाचल पर अब तक साढ़े 47,000 करोड़ रुपए का कर्ज चढ़ चुका है। राज्य सरकार ने पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर 25 जनवरी को कर्मचारियों व पैंशनर्ज को 8 फीसदी अंतरिम राहत देने की घोषणा की थी जिससे प्रदेश सरकार पर करीब 700 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पडऩा है। इसके चलते सरकार के वित्तीय समीकरण बिगड़ गए हैं। ऐसे में सरकार को एक बार फिर 500 करोड़ रुपए का कर्ज लेने के लिए बाध्य होना पड़ा है।