Shimla: दीवाली से पहले हर श्रेणी के कर्मचारियों को वेतन देगी सरकार : मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 09:59 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वित्त विभाग को निर्देश दिए हैं कि दीवाली से पहले हर श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन व मासिक भुगतान करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी कर्मचारी की दीवाली फीकी नहीं रहनी चाहिए, चाहे वह स्थायी कर्मचारी हो या अस्थायी? ऐसे में सरकारी कार्यालयों, निगम और बोर्ड में अनुबंध, दिहाड़ी व घंटे के हिसाब से काम करने वाले सभी कर्मचारियों के मासिक भुगतान व मानदेय को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इससे पहले दीवाली के अवसर पर स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों के मासिक भुगतान को दीवाली से पहले किया जाता रहा है।
इस बार भी मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करके ऐसे कर्मचारियों का मासिक भुगतान करना सुनिश्चित किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले राज्य सरकार ने कर्मचारियों व पैंशनरों को 5 फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा की थी। इसमें 4 फीसदी डीए के साथ पिछले वर्ष का लंबित 1 फीसदी डीए भी शामिल है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 5 फीसदी डीए के अतिरिक्त 10,000 रुपए एरियर के रूप में अलग से भुगतान किया गया। इस घोषणा से प्रदेश के करीब साढ़े 3 लाख सरकारी कर्मचारियों और पैंशनरों को लाभ मिला।

