कांगड़ा में बाहरी राज्यों से एंट्री बंद, सोमवार को प्रदेश में 26 नए मामले

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2020 - 11:37 PM (IST)

शिमला/धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। सोमवार को कोरोना के 26 नए मामले सामने आए हैं। वहीं जिला कांगड़ा में बढ़ते कोविड-19 संक्रमित मरीजों के आंकड़े को देखते हुए प्रशासन ने अब फिलहाल बाहरी राज्यों से कांगड़ा में अपने घर आने वाले लोगों की एंट्री बंद कर दी है। अब कांगड़ा में प्रवेश के लिए ई-एंट्री पास केवल परिवार में किसी व्यक्ति की मृत्यु, आपातकालीन स्वास्थ्य परिस्थितियों तथा व्यक्ति की मौजूदा स्थिति जिसमें उसका घर आना आवश्यक है, तभी कांगड़ा में आने की ऑनलाइन अनुमति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जो भी व्यक्ति कांगड़ा के बॉर्डर पर पहुंचता है उसको अब इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन कर दिया जाएगा। जिलाधीश कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि कोविड-19 के जिला में बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए एच.पी. ई-एंट्री पास पर रोक लगा दी है। अब केवल व्यक्ति को आवश्यक परिस्थितियों पर ही प्रवेश की अनुमति प्रदान की जाएगी।

उधर सोमवार को कांगड़ा के 7, ऊना में 4, मंडी 1, 2 सिरमौर, सोलन 4, शिमला के रामपुर 3 और 5 बिलासपुर जिला के हैं। कांगड़ा जिले में आए संक्रमित नगरोटा बगवां क्षेत्र के रहने वाले हैं। संक्रमितों में 58 वर्षीय महिला, उसकी 33 वर्षीय बहू और 6 साल की पोती शामिल है। ये सभी मुंबई से लौटे हैं। इसी तरह 24 वर्षीय युवक और उसकी 16 साल की बहन की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। दोनों दिल्ली से लौटे हैं, वहीं 42 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 11 साल की बेटी भी पॉजिटिव पाई गई है। दोनों फरीदाबाद से कांगड़ा लौटे हैं। इनके अलावा सरकाघाट क्षेत्र के एक 52 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित दिल्ली से लौटा है और भांबला में संस्थागत क्वारंटाइन में था।

ऊना में सोमवार देर शाम 4 नए मामले आए हैं। इनमें 2 अम्ब क्षेत्र के 2 भाई व 2 बाहर से आए हैं। जिला सिरमौर में देर शाम को 2 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डी.सी. सिरमौर डा. आर.के. परूथी ने बताया कि आज 2 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं जिनमें नाहन की 25 वर्षीय महिला और शिलाई का 24 वर्षीय पुरुष शामिल है। यह दोनों ही दिल्ली से आए हुए थे और संस्थागत क्वारंटाइन में रह रहे थे।

सोलन जिला के बद्दी में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुआ है। यह 17 जून को मुंबई से लौटा है। नालागढ़ में रेहड़ी पर कपड़े बेचने का काम करने वाली एक महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शिमला के रामपुर में 3 और बिलासपुर में 5 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। रामपुर में आए संक्रमितों में पति, पत्नी सहित उनका बच्चा शामिल है। ये 12 जून को सोनीपत से लौटे हैं और क्वारंटाइन थे। बिलासपुर के संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। सभी संक्रमितों को अस्पतालों में भर्ती करवा दिया गया है और चिकित्सकों ने इनका उपचार शुरू कर दिया है। उधर, सोलन में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दो लोग  सोलन के खूंडीधार क्षेत्र से उसी परिवार के कर्मचारी हैं जिस परिवार की 4 वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है। यह परिवार व उनके कर्मचारी कुछ दिन पहले ही अंबाला से सोलन आया था और होम कारंटाइंड पर था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News