बंबर ठाकुर की बढ़ी मुश्किलें, सुक्खू ने मांगा जवाब

Saturday, Jan 14, 2017 - 09:53 AM (IST)

शिमला: फोरैस्ट गार्ड और एक डॉक्टर के साथ हुए विवाद को लेकर सुर्खियों में आए कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उक्त दोनों मामलों को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक से जवाब-तलब किया है। इसके तहत उनसे 10 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने विधायक से जवाब मांगे जाने की पुष्टि की है। सूत्रों के अनुसार पार्टी अध्यक्ष ने बिलासपुर सदर से विधायक बंबर ठाकुर से पूछा है कि पिछले दिनों उनसे जुड़ी जो घटनाएं सामने आई हैं, उनमें कितनी सच्चाई है और क्यों उनका ही नाम हर बार किसी न किसी विवाद में आ रहा है। पार्टी अध्यक्ष ने पूरे मामले में विधायक से विस्तृत जानकारी मांगी है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।


डी.एफ.ओ. के साथ हुआ था बंबर ठाकुर का विवाद
गौर हो कि पिछले दिनों बंबर ठाकुर का बिलासपुर में पहले एक डी.एफ.ओ. के साथ विवाद हो गया था। यह विवाद थमा ही नहीं था कि फिर बिलासपुर अस्पताल के एक डाक्टर के साथ उनका नया विवाद खड़ा हो गया। संबंधित डॉक्टर के साथ विवाद इतना बढ़ गया था कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा था। डाक्टर के साथ फोन पर हुए विवाद का ओडियो भी सोशल मीडिया में जारी हुआ था। चिकित्सक ने तो विधायक पर उन्हें डराने-धमकाने की बात कहने के साथ-साथ ट्रांसफर करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था। हालांकि विधायक बंबर ठाकुर ने उसी समय स्पष्ट कर दिया था कि उन्होंने किसी को नहीं डराया बल्कि एक पीड़ित व्यक्ति की व्यथा सुनकर उन्होंने डाक्टर से कुछ जानकारी लेनी चाही थी।


सुक्खू ने बंबर ठाकुर को लिखा है पत्र
यह मामला खासा सुर्खियों में रहा था। इसके तहत चिकित्सक के समर्थन में प्रदेश के चिकित्सक भी खड़े हो गए थे। इसी कड़ी में अब पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने विधायक बंबर ठाकुर को पत्र लिखा है और उनसे उक्त घटनाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। पार्टी अध्यक्ष ने संबधित मामलों पर जिलाध्यक्ष को भी विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।