कांग्रेस की हार से मायूसी, पिता-पुत्र की जीत से खुशी

Monday, Dec 18, 2017 - 09:01 PM (IST)

शिमला : विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार से जहां पार्टी कार्यकत्र्ताओं में मायूसी देखने को मिली, वहीं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की जीत पर होलीलॉज में जमकर जश्न हुआ। पिता और पुत्र की जीत पर सी.एम. के  निजी आवास में ढोल-नगाड़ों की ताल पर जमकर कांग्रेसी कार्यकत्र्ता झूमे। हालांकि पिता-पुत्र के जीतने की इस खुशी में कांग्रेस की सत्ता से बाहर होने की मायूसी भी कार्यकत्र्ताओं में नजर आई। होलीलॉज में जश्न तो हुआ लेकिन कार्यकत्र्ताओं में जोश कम देखने को मिला। कारण यह था कि कांग्रेस इस बार सत्ता से बाहर हुई। जीत के बाद विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह शिमला ग्रामीण के मुद्दों को विधानसभा सदन में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से ही उनकी जीत संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी लेकिन वह क्षेत्र की हर समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण के मतदाताओं का आभार भी व्यक्त किया। वह पहली बार विधानसभा का चुनाव जीते हैं।

वीरभद्र-प्रतिभा ने दिया आशीर्वाद
पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने विक्रमादित्य सिंह को आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक भी हो गए। 

सी.एम. होलीलॉज से ही लेते रहे अपडेट
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने होलीलॉज से ही चुनावी अपडेट लिया। वह दिन भर होलीलॉज में ही रहे और हर सीट बारे अपटेड लेते देखे गए। कई विस क्षेत्रों का चुनावी अपडेट आने के बाद गपशप और ठहाकों का दौरा भी यहां खूब चला।